कैबिनेट के फैसलों से श्रमिकों और आंगनबाड़ी कर्मियों को राहत की उम्मीद

Listen to this article

धामी कैबिनेट की बैठक में 24 प्रस्तावों को मंजूरी

देहरादून। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में कुल 24 प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक के बाद इन सभी प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए गए।

प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में वन भूमि पर बसे आबादी क्षेत्रों, श्रमिकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने वन भूमि पर बसे उन आबादी क्षेत्रों की भूमि को नोटिफाई करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है, जो निर्धारित नियमों के तहत वन भूमि से डी-नोटिफाई किए जाने की श्रेणी में आते हैं। इस निर्णय से पात्र आबादी क्षेत्रों को राहत मिलने की उम्मीद है।

श्रमिकों के हित में बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने एक वर्ष की सेवा पूरी करने पर ग्रेच्युटी का लाभ देने का प्रावधान किया है। इसके लिए असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों से संबंधित सामाजिक सुरक्षा कानून में संशोधन किया जाएगा। वहीं, 50 से अधिक कर्मचारियों वाले संस्थानों में महिलाओं को मातृत्व लाभ के साथ क्रेच यानी शिशु देखभाल केंद्र की सुविधा उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।

इसके अलावा प्रदेश की करीब 35 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि का मुद्दा भी कैबिनेट बैठक में उठा। मंत्रिमंडल ने इस संबंध में अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत कर दिया है। अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को मानदेय वृद्धि पर मुख्यमंत्री के फैसले का इंतजार है।

सरकार के इन प्रस्तावों को सामाजिक सुरक्षा मजबूत करने, महिला कर्मचारियों को सुविधाएं देने और श्रमिक वर्ग के हितों को संरक्षण प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।