हरिद्वार समाचार: कुंभ-27 निरीक्षण, गंगा संरक्षण बैठक, जनगणना व नशामुक्ति जागरूकता, राहत सामग्री रवाना और बीएचईएल को गोल्ड अवार्ड

Listen to this article

कुंभ मेला-27 की तैयारियों का निरीक्षण

​हरिद्वार। एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने पुलिस लाइन ऋषिकुल में कुंभ मेला-27 का शुभारंभ किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैरकों, अस्थाई कार्यालयों व अभिलेखों का जायजा लिया तथा कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ब्रीफिंग में उन्होंने भीड़ नियंत्रण, यातायात, सुरक्षा और अग्निशमन योजनाओं पर जोर देते हुए सभी को टीम भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

जिला गंगा समिति की बैठक में सख्ती के निर्देश

​हरिद्वार। डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध की अध्यक्षता में हुई जिला गंगा समिति की 78वीं बैठक में गंगा को प्रदूषणमुक्त रखने के निर्देश दिए गए। नालों में गोबर डालने वाले डेयरी संचालकों और गंदगी व प्लास्टिक फैलाने वालों पर चालानी कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही जल संस्थान को नालों का गंदा पानी गंगा में न जाने देने और घाटों से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश मिले।

जनगणना जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

​हरिद्वार। बहादराबाद के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टाटवाला में जनगणना जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरणविद् डॉ. त्रिलोक चंद्र सोनी ने कहा कि परिवार के प्रत्येक सदस्य की सही जानकारी से ही जनगणना के सटीक आंकड़े मिलेंगे, जो विकास योजनाओं के लिए बेहद जरूरी हैं। वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं से अपने परिवार व आसपास के लोगों को जागरूक करने की अपील की।

संविधान दिवस व नशामुक्ति अभियान

​हरिद्वार। पतंजलि विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने विजडम वर्ल्ड स्कूल में संविधान दिवस और नशामुक्ति पर जागरूकता अभियान चलाया। स्वयंसेवकों ने विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों, योग और नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशामुक्त समाज बनाने और संविधान के आदर्शों का पालन करने का संकल्प लिया।

उत्तरकाशी अग्निकांड पीड़ितों के लिए राहत सामग्री रवाना

​हरिद्वार। उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र स्थित पवाणी गांव के अग्निकांड पीड़ितों की मदद के लिए शांतिकुंज परिवार ने राहत सामग्री भेजी। देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने 12 सदस्यीय सेवा दल को रवाना किया, जो लगभग 100 परिवारों के लिए राशन, कपड़े, कंबल, तिरपाल, दवाइयां और बच्चों की पढ़ाई के लिए स्टेशनरी सामग्री लेकर गया है।

बीएचईएल हरिद्वार को गोल्ड अवार्ड

​हरिद्वार। ढाका में आयोजित 51वें इंटरनेशनल कन्वेंशन ऑन क्वालिटी कंट्रोल सर्कल्स में बीएचईएल हरिद्वार के गुणवत्ता चक्र-771 (तरुण) ने गोल्ड अवार्ड जीता। टीम ने 660 से 800 मेगावाट की कोर प्रेस रिंग की मशीनिंग में सुधार व समय बचाने से जुड़े नए टूलिंग फिक्सचर पर केस स्टडी प्रस्तुत की थी। कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने इस उपलब्धि पर टीम को बधाई दी।