हरकी पैड़ी से चोरी बच्चे को पुलिस ने किया दिल्ली से सकुशल बरामद

Listen to this article


बच्चा चोरी करने वाले दंपति गिरफ्तार

अपराध पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं एसपीपी अजय सिंह

हरिद्वार। हरकी पैड़ी क्षेत्र से बच्चा चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बच्चे को सकशुल बरामद करने के साथ बच्चा चोरी करने वाले दंपत्ति को गिरफ्तार किया है। सीसीआर टावर में पत्रकारवार्ता में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि भीख मांगकर गुजर बसर करने वाली चण्डीघाट निवासी मंजू पत्नि टुनटुन 14 अगस्त को हरकी पैड़ी पर मथुरा पुड़ी वाले की दुकान के समीप अपने सात माह के बच्चे शिवा को गोद में लिए भीख मांग रही थी। इसी दौरान मंजू को मिली एक महिला ने उसे पैसे देकर आटा लेने भेज दिया और उसका बच्चा अपनी गोद में ले लिया। मंजू जब आटा लेकर वापस लौटी तो महिला बच्चे समेत गायब मिली। बच्चे और महिला को काफी तलाशने करने के बाद मंजू ने पुलिस को सूचना दी। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए नगर कोतवाली में तत्काल मुकद्मा पंजीकृत करने के साथ बच्चे और महिला की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सीसीटी फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने 15अगस्त को आनंद विहार आईएसबीटी बस अड्डे दिल्ली से बच्चा चोरी करने वाली महिला तमन्ना खातून पत्नि राजेन्द्र कुमार राठौर व उसके पति राजेद्र कुमार राठौर पुत्र सियाराम निवासी अहिरन टोला थाना बेनीगंज जिला हरदोई यूपी को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पत्रकारवार्ता में एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह भी मौजूद रहे। पुलिस टीम में नगर कोतवाली प्रभारी भावना कैंथोला,सीआईयू प्रभारी विजय सिंह,एसएसआई मुकेश थलेड़ी, सीआईयू एसआई पवन डिमरी,एसआई प्रियंका भारद्वाज,एसआई आनंद मेहरा, सीआईयू हेड कांस्टेबल पदम सिंह,हरवीर, नरेंद्र व आनन्द शामिल रहे।

अपराध पर अंकुश लगाने में निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं एसएसपी अजय सिंह- अरोड़ा

हरिद्वार। अपहरणकर्ताओं के चंगुल से 7 माह के बच्चे को सकुशल बरामद करने पर उत्तरांचल पंजाबी महासभा के सुनील अरोड़ा ने एसएसपी अजय सिंह एवं पुलिस टीम का आभार जताया है। सुनील अरोड़ा ने कहा कि एसएसपी अजय सिंह अपराध पर अंकुश लगाने में निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं। एसएसपी के प्रयासों से पुलिस के प्रति आम नागरिकों का विश्वास बढ़ा है। एसएसपी अजय सिंह की नेतृत्व क्षमता के चलते ही अगवा बच्चे को मात्र 24 घंटे में मां की गोद मिल सकी। इसके लिए पुलिस की जितनी भी प्रशंसा की जाए उतना कम है। सुनील अरोड़ा ने कहा कि एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने इससे पूर्व भी दो बच्चों को सकुशल बरामद किया था। सुनील अरोड़ा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से एसएसपी अजय सिंह एवं पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की मांग भी की। जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार व संरक्षक अनिल कुमार कुमार ने हर्ष जताते हुए कहा कि बिछड़े बच्चे को मां से मिलाना सबसे बड़ा पुण्य है। एसएसपी अजय सिंह अपनी ड्यूटी के प्रति गंभीर हैं। गरीब असहाय निर्धन परिवार एवं भिक्षावृत्ति कर अपने बच्चे का पालन कर रही मां को न्याय दिलाना बेहतर कानून व्यवस्था का उदाहरण है। जिला महामंत्री राम अरोड़ा व प्रदीप कालरा ने कहा कि आजादी के दिन मां को जो खुशी पुलिस ने दी वह स्वागत योग्य है। पुलिस कप्तान अजय सिंह एवं उनकी टीम की जितनी भी सराहना की जाए उतना कम है। ऐसे अधिकारियों का मनोबल बढ़ाना चाहिए। उत्तरांचल पंजाबी महासभा उनका तहे दिल से आभार जताती है।