हरिद्वार के पेंटागन मॉल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र ङोभाल और उद्योग एसोसिएशन के चेयरमैन हरेंद्र गर्ग ने जौनसार बावर की पहली फ़ीचर फिल्म “मैरै गांव की बाट” का शुभारंभ किया। यह फिल्म जौनसार बावर की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को बड़े पर्दे पर जीवंत करती है।
देहरादून के सेंट्रियो मॉल में 5 दिसंबर से प्रदर्शित हो रही इस फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। विकासनगर में भी फिल्म देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। जौनसार बावर की जौनसारी भाषा में बनी यह फिल्म विश्व सिनेमा के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ती है।
फिल्म में अभिनव चौहान ने मुख्य भूमिका निभाई है और उन्होंने अपने अभिनय से सभी को प्रभावित किया है। बाल कलाकार तनिष्क और आरुषि ने भी अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत लिया है। जौनसार बावर की कॉमेडी जोड़ी बालम और विक्रम ने फिल्म में हास्य का तड़का लगाया है।
सुप्रसिद्ध गीतकार श्याम सिंह चौहान के लिखे गीतों और वरिष्ठ गायक सीताराम चौहान की धुनों ने फिल्म के संगीत को और भी खास बनाया है। गायक अतर शाह, अज्जू तोमर, मीना राणा, परीमा राणा और सितारा के आवाज ने गीतों को जीवंत कर दिया है।
यह फिल्म न केवल जौनसार बावर की संस्कृति को बढ़ावा दे रही है बल्कि क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी पैदा कर रही है। यह फिल्म पर्यटन को भी बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
फिल्म निर्माता के.एस. चौहान और निर्देशक अनुज जोशी का मानना है कि यह फिल्म जौनसार बावर की पहली सफलता है और वे भविष्य में भी ऐसी ही फिल्में बनाते रहेंगे।
फिल्म देखने आए दर्शकों ने फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि यह फिल्म जौनसार बावर की संस्कृति को बड़े पर्दे पर खूबसूरती से पेश करती है।














