हरिद्वार: जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह ने राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को लंबित राजस्व वादों को तत्परता से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पांच, तीन और एक वर्ष से पुराने मामलों को गंभीरता से लेने को कहा। जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली, खासकर बड़े बकायेदारों से प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसील स्तर पर दर्ज जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने और अधिकारियों को मुख्यालय पर उपलब्ध रहने के लिए कहा ताकि लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान हो सके। उन्होंने सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत आवेदनों का समय पर निस्तारण करने और चकबंदी लेखपालों की नियुक्ति के लिए शासन से पत्राचार करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आपदा राहत कार्यों के प्रस्ताव और शत्रु संपत्ति से संबंधित मामलों पर भी ध्यान देने की बात कही। बैठक में अपर जिलाधिकारी दीपेन्द्र सिंह नेगी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
2025-05-13













