विवेकानंद विचार मंच द्वारा रुद्रप्रयाग के लिए खाद्य सामग्री रवाना

Listen to this article

हरिद्वार: विवेकानंद विचार मंच ने सेवा प्रकल्प संस्थान रुद्रप्रयाग के अन्तर्गत संचालित दूधिया बाबा कन्या छात्रावास के लिए खाद्य सामग्री का एक ट्रक रवाना किया। रानीपुर के विधायक आदेश चौहान और संस्था के पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रक को रुद्रप्रयाग के लिए रवाना किया।
विवेकानंद विचार मंच के अध्यक्ष अविनाश गुप्ता ने इस अवसर पर बताया कि उनकी संस्था प्रतिवर्ष वनवासी कल्याण समिति द्वारा संचालित इस छात्रावास के लिए खाद्यान्न सामग्री भेजती है। उन्होंने इस नेक कार्य में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
मंच के सचिव जगदीश चन्द क्वात्रा ने कहा कि विवेकानंद विचार मंच स्वामी विवेकानंद के विचारों को समाज में स्थापित करने के लिए कार्यरत है। उन्होंने स्वामी जी के ‘जीव सेवा ही शिव सेवा’ और ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के विचारों को रेखांकित किया।
संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष संजीव कुमार गुप्ता ने मंच द्वारा चलाए जा रहे अन्य सेवा कार्यों की भी जानकारी दी। सांस्कृतिक सचिव नीता नैय्यर ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर बृजेश, संजय पंवार, अशोक मेहता, देवेश वशिष्ठ, ए.के. रस्तोगी, सुभाष चांदना, मनीषा सिंह और राधिका नागरथ सहित कई सदस्य उपस्थित थे।