देहरादून में बारिश का कहर: पेड़ गिरने से एक की मौत

Listen to this article

देहरादून: बीती शाम देहरादून में चकराता रोड पर बल्लूपुर फ्लाईओवर के पास भवानी बालिका इंटर कॉलेज के समीप बारिश के दौरान सड़क किनारे पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की दुखद मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, यूके 09टीए 0433 नंबर की एक गाड़ी देहरादून से बड़कोट, उत्तरकाशी जा रही थी, जिसमें सात यात्री सवार थे। तेज बारिश के कारण अचानक एक पेड़ गाड़ी पर गिर गया। इस हादसे में उत्तरकाशी निवासी अरविंद पाल (48) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य यात्री को मामूली चोटें आईं। गाड़ी में ड्राइवर महावीर सिंह रावत भी मौजूद थे।
सूचना मिलते ही वसंत विहार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। आपातकालीन सेवा कर्मियों ने घायल अरविंद पाल और दूसरे यात्री को 108 एंबुलेंस से राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। दुर्भाग्यवश, डॉक्टरों ने अरविंद पाल को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल यात्री की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी है। क्षतिग्रस्त वाहन को सुरक्षा के लिए वसंत विहार पुलिस स्टेशन परिसर में ले जाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में गाड़ी में सवार अन्य यात्रियों में से किसी को भी कोई चोट नहीं आई है।