रुपीन नदी में बहा वाहन, चालक ने छत पर चढ़कर बचाई जान, घंटों फंसा रहा

Listen to this article

 

उत्तरकाशी: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब कहर बरपाने लगी है। उत्तरकाशी जिले में दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भारी बारिश के कारण एक बार फिर बाधित हो गया है। रविवार सुबह हुई तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए, जिसके चलते इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया।
मोरी विकासखंड के लिवाड़ी-फिताड़ी सड़क पर एक वाहन रुपीन नदी में जा गिरा। नदी में पानी का बहाव इतना तेज था कि वाहन बहकर बीच नदी में अटक गया। अपनी जान बचाने के लिए चालक राजू तुरंत वाहन की छत पर चढ़ गया और मदद के लिए चिल्लाने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) की टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने रस्सियों के सहारे कड़ी मशक्कत के बाद चालक राजू को सुरक्षित बाहर निकाला।
गनीमत रही कि दुर्घटना के समय वाहन में केवल चालक राजू ही सवार था। उसने कुछ ही देर पहले सभी सवारियों को उतार दिया था। राजू की इस सूझबूझ से कई लोगों की जान बच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने भी राजू को बचाने में अहम भूमिका निभाई।