हरिद्वार: अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की पृथ्वी पर सकुशल वापसी के लिए हरिद्वार में विशेष प्रार्थनाएं और पूजा-अर्चना की गई। मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्री महंत रविंद्र पुरी महाराज के नेतृत्व में निरंजनी अखाड़े में संतों और वेदपाठी ब्राह्मणों ने मनकामेश्वर महादेव पर दुग्धाभिषेक और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुभांशु की मंगलकामना की।
श्रीमहंत महेंद्रपुरी जी महाराज ने इस अवसर पर कहा कि यह दिन आस्था और विज्ञान के संगम का साक्षी है, जहां अंतरिक्ष में उड़ान भरने वाले मानव की सकुशल वापसी के लिए संत धरती पर प्रार्थना करते हैं, जो सनातन संस्कृति की विशेषता है। श्रीमहंत रवींद्र पुरी जी महाराज ने शुभांशु के जीवन को ‘सर्वहिताय’ समर्पित बताते हुए उनकी सकुशल लैंडिंग की प्रार्थना की। अखाड़ा परिसर में भजन, हवन, आरती और गंगाजल अर्पण सहित विभिन्न कर्मकांडों के माध्यम से शुभांशु की वापसी को संस्कृति, विज्ञान और श्रद्धा की त्रिवेणी बताया गया।
यह आयोजन शुभांशु शुक्ला के 18 दिन बाद पृथ्वी पर लौटने से पहले हरिद्वार से उनके स्वागत की आध्यात्मिक गूंज बन गया, जो धार्मिक, राष्ट्रीय और मानवीय गौरव के एक बड़े क्षण का प्रतीक है।
2025-07-15














