उत्तराखंड में 2027 के चुनाव की तैयारी: लोजपा (रामविलास) 15 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

Listen to this article

हरिद्वार, 30 अगस्त:  लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने उत्तराखंड में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में 15 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी पवन वर्मा ने कहा कि उन्हें राज्य में काफी संभावनाएं दिख रही हैं और वे एक मजबूत तीसरे विकल्प के रूप में उभरने की तैयारी कर रहे हैं।

​हरिद्वार के प्रेस क्लब में पत्रकारों से बात करते हुए वर्मा ने कहा कि उत्तराखंड के लोग पलायन, आपदा, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, भ्रष्टाचार और भू-माफिया जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार इन मुद्दों से निपटने में विफल रही है और उसकी नीतियां जमीन पर लागू नहीं हो पा रही हैं, जिससे जनता में असंतोष बढ़ रहा है।

​वर्मा ने बताया कि पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में चुनाव की तैयारी कर रही है। इसके तहत जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है और सभी जिलों में संगठन का विस्तार हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोजपा का एनडीए के साथ केंद्र और बिहार को छोड़कर अन्य राज्यों में कोई गठबंधन नहीं है। इसलिए पार्टी ने उत्तराखंड में 15 और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई गठबंधन होता है, तो पार्टी उस गठबंधन के तहत मिली सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

​पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केदारनाथ पंडित ने कहा कि लोजपा ‘मिशन 2027’ के लिए पूरी तरह तैयार है और संगठन को मजबूत किया जा रहा है, जिसका असर आने वाले समय में पूरे प्रदेश में दिखाई देगा। प्रेस वार्ता के दौरान उपाध्यक्ष संजीव शर्मा, प्रधान महासचिव उमेश कुमार, विशाल ठाकुर और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।