हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद की आज की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

जलाराम सदावृत्त सेवा ट्रस्ट में संपत्ति विवाद गहराया

हरिद्वार। गायत्री विहार कॉलोनी, भूपतवाला स्थित जलाराम सदावृत्त सेवा ट्रस्ट की अध्यक्ष गीता बेन और साध्वी सरोजनी गिरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ट्रस्ट पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ भाजपा पार्षदों और भूमाफियाओं ने मिलकर आश्रम पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने पुलिस पर भी कब्जा करने वालों का साथ देने का आरोप लगाया और मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और जूना अखाड़े से न्याय की गुहार लगाई है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी को दी गई विदाई

हरिद्वार। उत्तरांचल प्रधानाचार्य परिषद, हरिद्वार इकाई ने मुख्य शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता को उनकी सेवानिवृत्ति पर विदाई दी। परिषद के सदस्यों ने उनके उत्कृष्ट और उल्लेखनीय सेवाओं की सराहना की। उन्हें पगड़ी, पटका और गंगाजली भेंट की गई। सदस्यों ने उनके सरल स्वभाव और शिक्षकों के मुद्दों को सकारात्मकता से सुलझाने की क्षमता की प्रशंसा की।

उदासीन अखाड़ों ने निकाली श्रीचंद्र जयंती शोभायात्रा

हरिद्वार। उदासीनाचार्य भगवान श्रीचंद्र की 531वीं जयंती के उपलक्ष्य में श्रीपंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन और नया उदासीन ने भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा का शुभारंभ योग गुरु स्वामी रामदेव ने किया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधायक मदन कौशिक सहित कई संत-महात्मा और गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। स्वामी रामदेव ने कहा कि भगवान श्रीचंद्र ने समाज से कुरीतियों को दूर कर समरसता का वातावरण बनाया।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर 47 वाहनों का चालान

हरिद्वार। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एसएसपी के निर्देश पर देर रात तक चले विशेष चेकिंग अभियान में 47 वाहनों का चालान किया गया। अभियान के दौरान शराब पीकर गाड़ी चलाने पर 6 वाहन सीज किए गए और 36,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। बिना हेलमेट और तीन सवारी वाले वाहनों के भी चालान किए गए।

तीन ढोंगी बाबाओ को हर की पैड़ी पुलिस ने किया गिरफ्तार

धार्मिक भावनाओं का फायदा उठाने वाले 3 ढोंगी बाबाओं को हरकी पैड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। ये लोग साधु-संतों की वेशभूषा में घूम रहे थे। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।