उत्तराखंड में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई गांधी व शास्त्री जयंती; स्वच्छता, वृक्षारोपण और जनसेवा का लिया गया संकल्प

Listen to this article

विकास भवन भीमताल में मनाई गई गांधी व शास्त्री जयंती; चला स्वच्छता अभियान

​नैनीताल/भीमताल: विकास भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा व उत्साह से मनाई गई। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अरविंद कुमार पाण्डेय व अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने दोनों विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर सीडीओ ने अधिकारियों को जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान परिसर में वृक्षारोपण किया गया और सीडीओ के नेतृत्व में झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, डीडीओ संतोष पंत सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

​ कलेक्ट्रेट परिसर में एडीएम ने दी श्रद्धांजलि, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन सम्मानित

​नैनीताल: कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (ADM) विवेक राय ने महात्मा गांधी की 157वीं और लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद एडीएम ने तल्लीताल स्थित गांधी प्रतिमा, डॉ. बी.आर. अंबेडकर, पं. गोविंद बल्लभ पंत, शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमाओं व राज्य आंदोलन के शहीद स्मारक पर माल्यार्पण किया। उन्होंने मल्लीताल खादी भवन में चरखा भी चलाया। इस मौके पर विधायक सरिता आर्या, डॉ. सरस्वती खेतवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

​ देहरादून जिला कार्यालय में बापू और शास्त्री जी को किया गया याद

​देहरादून: जनपदभर में गांधी व शास्त्री जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला कार्यालय परिसर में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की और ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन किया गया। एडीएम स्मृता परमार और सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी ने बापू के सत्य, अहिंसा व स्वच्छता के संदेश तथा शास्त्री जी के ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

​ शहरी विकास निदेशालय में मना स्वच्छता दिवस; उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित

​देहरादून: शहरी विकास निदेशालय में निदेशक विनोद गोस्वामी ने स्वच्छता कर्मियों के साथ महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर जयंती मनाई। निदेशक ने बताया कि राज्य में लीगेसी वेस्ट के 31 मार्च 2027 तक शत-प्रतिशत वैज्ञानिक निस्तारण का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए अपर निदेशक प्रवीण कुमार, राजीव पाण्डे और जगबीर सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों व भजनों के साथ अंत्योदय की भावना से कार्य करने का संकल्प लिया गया।