युवा कांग्रेस ने निकाली बाइक रैली
हरिद्वार: युवा कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष कैश खुराना के नेतृत्व में “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे लगाते हुए शहीद उधमसिंह चौक से नगर कोतवाली तक एक बाइक रैली निकाली। इस दौरान, कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार निकाय चुनाव में हुई धांधली का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष खुराना ने कहा कि चुनाव आयोग ने सरकार के इशारे पर काम करते हुए मतदाताओं के नाम हटाकर उनके मताधिकार का हनन किया है। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता आगामी चुनावों में इसका सबक सिखाएगी। इस रैली में कांग्रेस के कई वरिष्ठ और युवा नेता शामिल हुए।
पुलिस ने किया लूट का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

हरिद्वार: रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में पांच दिन पहले हुई लूट का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। लूट की साजिश एक प्रॉपर्टी डीलर ने रंजिश के चलते रची थी। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शिवालिक नगर में रिटायर्ड कर्मचारी चौधरी गुलबीर सिंह के घर 26 अगस्त को उनकी बेटी को बंधक बनाकर लूट की गई थी। मास्टरमाइंड अजीत ने बताया कि गुलबीर सिंह ने प्रॉपर्टी के सौदे में उसके 10 लाख रुपये नहीं लौटाए थे, जिस वजह से उसने अपने साथियों सोमपाल, नरेश और विवेक के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई सोने की चेन, अंगूठी, 3 लाख रुपये नकद, 3 तमंचे और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
पैगंबर मोहम्मद साहब ने दिया इंसानियत का पैगाम: शादाब साबरी

हरिद्वार: पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब के जन्मोत्सव, जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसाइटी ने ज्वालापुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में युवाओं और महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया, जिसमें कुल 110 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। सोसाइटी के जनरल सेक्रेटरी शादाब साबरी ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब ने पूरी दुनिया को इंसानियत का पैगाम दिया और समाजसेवा उनके दिखाए रास्ते का हिस्सा है। उन्होंने रक्तदान को सबसे बड़ी मानव सेवा बताया और कहा कि यह किसी का जीवन बचा सकता है।
संत समाज ने ब्रह्मलीन महंत स्वामी राजेंद्रानंद को दी श्रद्धांजलि

हरिद्वार: श्री विश्नोई आश्रम, भीमगोड़ा के ब्रह्मलीन परमाध्यक्ष स्वामी राजेंद्रानंद महाराज को संत समाज और हजारों श्रद्धालुओं ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा में सभी तेरह अखाड़ों के संतों ने हिस्सा लिया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि स्वामी राजेंद्रानंद महाराज का पूरा जीवन “गौ, गंगा, गीता और समाज” को समर्पित रहा। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने भी शोक संदेश भेजे। श्रद्धांजलि सभा में ब्रह्मलीन महंत के शिष्य स्वामी प्रणवानंद महाराज को तिलक चादर विधि के बाद आश्रम का नया परमाध्यक्ष घोषित किया गया।














