
हरिद्वार, 28 नवंबर 2025: मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ और क्लीन जनपद बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में आज लगातार 10वें दिन भी व्यापक स्वच्छता अभियान जारी रहा। शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण कस्बों और राष्ट्रीय राजमार्गों तक बड़े पैमाने पर साफ-सफाई की जा रही है, जिसकी निगरानी स्वयं जिलाधिकारी कर रहे हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी जिलास्तरीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की निरंतर निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में आज विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाए गए:

- बीएचईएल: टाउनशिप प्रशासन विभाग द्वारा भगत सिंह चौक से बीएचईएल स्टेडियम तक सफाई की गई।
- मंगलौर: नगर पालिका के कर्मचारियों ने कस्बा मंगलौर के हाईवे और मोहल्लों में सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
- लक्सर: खंड विकास अधिकारी लक्सर के अंतर्गत हरिद्वार रोड ब्लॉक क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया।
- एनएचएआई: अधिशासी अभियंता अतुल शर्मा ने हरिद्वार शहर क्षेत्र में रात्रि के समय झाड़ी कटान और सफाई कार्य कराया।
- बहादराबाद: धनपुरा और भगतनपुर ग्राम पंचायतों में सफाई अभियान के दौरान 34 बैग कूड़ा एकत्रित किया गया। सलेमपुर महदूद में दुकानों के बाहर गंदगी पाए जाने पर चालान भी किए गए।
- आपदा प्रबंधन: आईटीसी मिशन सुनहरा कल, भुवनेश्वरी महिला आश्रम और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने नूरपुर पंजनहेड़ी पंचायत घर और आंगनवाड़ी परिसर में सफाई की। शिवालिक नगर पालिका के सहयोग से कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्क की भी सफाई कराई गई।
- खानपुर: ग्राम पंचायत खानपुर और प्रहलादपुर में सफाई अभियान चलाकर 11 क्विंटल कूड़ा कचरा एकत्रित किया गया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित का धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ और मॉडल जनपद बनाने का ध्येय अब धरातल पर दिखने लगा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था का कार्य निरंतर करवा रहे हैं।












