लक्सर: पुलिस वैन पर दिनदहाड़े हमला, पेशी पर जा रहे अपराधी को मारी गोली

Listen to this article

लक्सर (हरिद्वार) में बुधवार को बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए पुलिस अभिरक्षा में जा रहे एक अपराधी पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला कर दिया। घटना लक्सर ओवरब्रिज की है, जहाँ ट्रैफिक जाम का फायदा उठाकर अज्ञात हमलावरों ने पुलिस वैन को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में पेशी पर ले जाए जा रहे सजायाफ्ता अपराधी विनय त्यागी को दो गोलियां लगी हैं, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया।

​वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और चारों ओर दहशत फैल गई। घायल विनय त्यागी, जो कई संगीन मुकदमों में सजा काट रहा है, को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई है और फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं। बीच शहर में हुई इस वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।