उत्तराखंड हरिद्वार खबरें: हरिद्वार जनपद में आज की ताजा खबरें,यहां देखें

Listen to this article

लक्सर गोली कांड के दो आरोपी गिरफ्तार, लापरवाह दरोगा सहित तीन निलंबित

पुलिस ने लक्सर में पेशी पर ले जाए जा रहे गैंगस्टर विनय त्यागी पर गोली चलाने वाले दो आरोपियों, सन्नी यादव और अजय को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी काशीपुर डकैती मामले में पहले भी जेल जा चुके हैं। पूछताछ में पता चला कि पैसों के लेनदेन के विवाद के कारण सन्नी ने इस घटना को अंजाम दिया। वहीं, एसएसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक दरोगा और दो कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया है।

अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर ‘सुशासन दिवस’

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर हरिद्वार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। विधायक मदन कौशिक ने उनके व्यक्तित्व को राष्ट्र निर्माण और सुशासन के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया और कहा कि उनके आदर्श आज भी देश के विकास के लिए पथ-प्रदर्शक हैं।

सांसद खेल महोत्सव 2025 का समापन

​हरिद्वार में सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य समापन हुआ, जिसमें सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी ने शिरकत की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह महोत्सव खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को नशे से दूर रखने का एक सशक्त माध्यम बना है। विभिन्न प्रतियोगिताओं में खानपुर विधानसभा ने ओवरऑल ट्रॉफी जीती, जबकि कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल में अलग-अलग विधानसभाओं की टीमों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

हरिद्वार में वृहद सफाई अभियान

​जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में हरिद्वार को ‘मॉडल जनपद’ बनाने के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत चंडी देवी मार्ग, रोशनाबाद, नारसन और विभिन्न नेशनल हाईवे के किनारे साफ-सफाई की गई। जल निगम ने हैंडपंपों के पास सफाई की, जबकि HRDA ने हर की पौड़ी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया। प्रशासन का लक्ष्य तीर्थनगरी को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है।