हरिद्वार संक्षिप्त हरिद्वार जनपद की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

ऑपरेशन कालनेमि: 48 ढोंगी बाबा गिरफ्तार

​मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे उत्तराखंड में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। धर्म की आड़ में धोखाधड़ी करने वाले और बिना पहचान पत्र के रह रहे 48 ढोंगी बाबाओं को हिरासत में लिया गया है। इसमें कोतवाली नगर से 28, रानीपुर से 11 और बहादराबाद से 9 गिरफ्तारियां हुईं। आरोपियों पर BNSS की धारा 172 के तहत कार्रवाई की गई है।

कंपनी में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

सिडकुल पुलिस ने ग्रापैनल्स कंपनी में हुई पीतल और तांबे की चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी वसीम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया गया माल भी बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई 29 जनवरी को दर्ज कराई गई तहरीर के आधार पर की गई।

ओवरलोडिंग पर परिवहन विभाग का डंडा: 17 वाहन सीज

​एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग ने लकड़ी से ओवरलोड 23 ट्रैक्टर-ट्रालियों का चालान किया, जिनमें से 17 को सीज कर दिया गया। विभाग ने यह अभियान सड़क सुरक्षा और अवैध पेड़ कटान पर अंकुश लगाने के लिए चलाया। एआरटीओ ने चेतावनी दी है कि जनजीवन के लिए खतरा बनने वाले वाहनों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

‘एक शाम संविधान के नाम’ काव्य गोष्ठी आयोजित

संस्कार भारती द्वारा भेल सेक्टर-2 में विचार एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि CDO डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने कहा कि अपने संस्कारों और संवैधानिक कर्तव्यों को अगली पीढ़ी तक पहुँचाना हमारा सामूहिक उत्तरदायित्व है। कार्यक्रम में कवियों और वक्ताओं को ‘संस्कार भारती काव्य श्री’ व ‘साहित्य श्री’ सम्मान से नवाजा गया।