हरिद्वार पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश, 10 वाहन बरामद

Listen to this article

​हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के कुशल नेतृत्व में अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ज्वालापुर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 दोपहिया गाड़ियाँ बरामद की हैं।

​ऐसे हुआ मामले का खुलासा

घटना का विवरण देते हुए एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि 5 मार्च को शुभम कुमार नामक व्यक्ति ने ज्वालापुर थाने में अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा और उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल की टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 9 मार्च को नहर पटरी रेगुलेटर पुल के पास से दो संदिग्धों को दबोच लिया।

​खंडहर में छिपाकर रखे थे वाहन

पकड़े गए आरोपियों, मोसिन और गुल्सान (निवासी गाडोवाली, पथरी), ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पुरानी कांवड़ पटरी के पास एक सुनसान खंडहर से 8 मोटरसाइकिलें और 2 स्कूटी बरामद कीं। ये वाहन हरिद्वार और देहरादून के विभिन्न इलाकों से चुराए गए थे।

​मिस्त्री और मैकेनिक निकले शातिर चोर

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मोसिन राजमिस्त्री है और गुल्सान ई-रिक्शा मैकेनिक है। कम पढ़े-लिखे होने के बावजूद ये दोनों वाहन चोरी करने में माहिर हैं। आरोपियों के खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में 6 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक संपर्कों और पुराने इतिहास की पड़ताल कर रही है।