हरिद्वार समाचार: हरिद्वार जनपद की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

जिला कारागार में गूंजी श्रीमद्भागवत कथा, बंदियों ने निकाली कलश यात्रा

हरिद्वार। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर रोशनाबाद स्थित जिला कारागार में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा से पूर्व जेल परिसर में कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य के साथ बंदी भी शामिल हुए।

​कथाव्यास पंडित पवन कृष्ण शास्त्री सात दिनों तक बंदियों को आध्यात्मिक प्रवचन देंगे। श्रीअखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य कैदियों के भीतर नैतिक मूल्यों का संचार करना और उन्हें अपराध बोध से मुक्त कर सद्मार्ग पर लाना है। जेल अधीक्षक ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बंदियों के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है।

मनसा देवी मंदिर में नवरात्र पूजन, श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने की लोक कल्याण की कामना

हरिद्वार। चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने विधि-विधान से मां भगवती की पूजा अर्चना की। उन्होंने कहा कि नवरात्र मां की कृपा प्राप्त करने और जीवन की बाधाओं को दूर करने का सर्वोत्तम समय है।

​महाराज ने घोषणा की कि अब मंदिर में पुरानी परंपरा को पुनर्जीवित करते हुए प्रतिदिन ढोल-नगाड़ों के साथ विशेष आरती की जाएगी। उन्होंने भक्तों से अपील की कि वे नवरात्र आराधना के साथ-साथ कन्याओं के संरक्षण और संवर्द्धन का भी संकल्प लें।

प्रेस क्लब हरिद्वार के चुनाव का बिगुल बजा, मतदाता सूची जारी

हरिद्वार। प्रेस क्लब हरिद्वार की नई कार्यकारिणी के चुनाव की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रदीप गर्ग ने सहायक चुनाव अधिकारियों मनोज कुमार सोही और लव शर्मा के साथ कार्यभार संभाल लिया है।

​प्रेस क्लब के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री दीपक मिश्रा ने चुनाव अधिकारियों को 120 मतदाताओं की सूची सौंपी, जिसे नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दिया गया है। क्लब के संविधान के अनुसार 31 मार्च तक चुनाव संपन्न कराना अनिवार्य है। चुनाव की घोषणा के साथ ही क्लब में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।