हरिद्वार। हरिद्वार जिले में सोमवार को बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक सरकारी डॉक्टर पर फायरिंग कर दी। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के दाबकी कलां निवासी डॉ. सुमित कुमार, जो वर्तमान में कोटद्वार अस्पताल में तैनात हैं, दोपहर करीब 12 बजे अपने परिवार के साथ कार से भिक्कमपुर स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे।
जैसे ही उनकी कार बॉडी टीप गांव के पास पहुंची, बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने चलती गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुए इस हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, तो हमलावर वहां से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस जानलेवा हमले में डॉक्टर और उनके परिजन बाल-बाल बच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। हमले के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













