हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहाँ सोनाली नदी पुल पर एक वेन्यू कार अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी। रुड़की की ओर जा रही यह कार जैसे ही पुल पर पहुँची, चालक अचानक उस पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के तत्काल बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके कारण पुल पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थानीय नागरिकों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए तत्काल रुड़की अस्पताल भिजवाया।
नदी में गिरी कार की स्थिति इतनी खराब थी कि उसे बाद में ट्रैक्टर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को कार के नदी में गिरने की सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था। घायलों की पहचान रचना निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द, सोनी निवासी दाबकी महेश्वरी, कोमल निवासी मारकपुर, श्रीकांत निवासी बिजनाखेड़ी (सहारनपुर) और अनिल निवासी दाबकी महेश्वरी के रूप में हुई है। फिलहाल सभी का अस्पताल में इलाज जारी है।













