उत्तराखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल: 11 डीएसपी के तबादले, कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए DGP ने दिए सख्त निर्देश

Listen to this article

देहरादून: उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा जनहित और प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य में पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी) के बड़े स्तर पर तबादले किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार 11 पुलिस अधिकारियों को विभिन्न जिलों, वाहिनियों और इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया कि यह फेरबदल कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा प्रशासनिक कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से किया गया है।

​इस फेरबदल के तहत तपेश कुमार चन्द्र को 31वीं पीएसी रुद्रपुर से पौड़ी गढ़वाल, नीरज सेमवाल को देहरादून से उधमसिंह नगर, सुमित पाण्डेय को नैनीताल से हरिद्वार और अस्मिता मंगाई को पीटीसी नरेंद्रनगर से पौड़ी गढ़वाल भेजा गया है। वहीं आशीष जोशी का सीआईडी सेक्टर देहरादून से हरिद्वार, विमल प्रसाद का चम्पावत से नैनीताल, विमल रावत का उधमसिंह नगर से 31वीं पीएसी रुद्रपुर और नताशा सिंह का हरिद्वार से सीआईडी सेक्टर देहरादून स्थानांतरण किया गया है। इसके अतिरिक्त निहारिका सेमवाल को पौड़ी गढ़वाल से चम्पावत, तुषार बोहरा को पौड़ी गढ़वाल से देहरादून और अखलेश कुमार को पीटीसी नरेंद्रनगर से उधमसिंह नगर में तैनाती दी गई है।

​उत्तराखंड के डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर नई तैनाती स्थल पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीजीपी ने आगे कहा कि उत्तराखंड पुलिस हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपना कार्य कर रही है।