श्यामपुर रेंज में बाघ का शिकार: शव बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार और दूसरे की तलाश जारी

Listen to this article

हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज के जंगल में दो वर्ष के एक नर बाघ का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। बाघ के चारों पैर कटे हुए थे, जबकि उसकी खाल और दांत सुरक्षित पाए गए। शुरुआती जांच में मामला जहरीला मांस खिलाकर वन्यजीव शिकार और तस्करी से जुड़ा माना जा रहा है। वन विभाग ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है।

​रविवार शाम करीब 6:30 बजे श्यामपुर रेंज की सजनपुर बीट में सर्च ऑपरेशन के दौरान बाघ और एक मृत भैंस का शव बरामद हुआ। आशंका है कि आरोपियों ने भैंस के मांस पर जहरीला पदार्थ छिड़क कर बाघ को मारा और फिर उसके पैर काट दिए। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वन विभाग ने आलम उर्फ फम्मी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि आमिर हमजा उर्फ मियां मौके से फरार हो गया। विभाग द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और फरार आरोपी की तलाश के साथ ही क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।