देहरादून में ऑल मीडिया जर्नलिस्ट्स ऐसोसियेशन (अमजा) उत्तराखंड की एक साप्ताहिक बैठक रायपुर रोड स्थित नोबेल नीच कांप्लेक्स में आयोजित की गई। इस बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 13-14 जून 2026 को देहरादून में “पत्रकारिता की सामयिक चुनौतियां” विषय पर एक संगोष्ठी तथा कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ शामिल होकर युवा पत्रकारों का मार्गदर्शन करेंगे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष सोनू सिंह ने टीवी पत्रकारों की चुनौतियों पर चर्चा की और बताया कि आगामी 30 मई को जिला इकाई देहरादून द्वारा हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाया जाएगा। आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए नौ समितियों के गठन पर भी सहमति बनी है।
बैठक के दौरान प्रदेश महामंत्री रवींद्र नाथ कौशिक ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता का हस्तक्षेप हर क्षेत्र में बढ़ा है, जिससे पत्रकारों का दायित्व और चुनौतियां भी दोगुनी हो गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकारिता का मार्ग कभी सरल नहीं रहा और निहित स्वार्थों से इसका टकराव हमेशा होता आया है। उन्होंने अमजा के केंद्रीय संगठन एनयूजेआई (NUJI) के गौरवपूर्ण इतिहास का भी उल्लेख किया।
वहीं, प्रदेश अनुशासन समिति के सदस्य गिरधर गोपाल लूथरा ने राष्ट्र और समाज के लिए चौबीसों घंटे काम करने वाले पत्रकारों की आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि समाज और सरकार को इस विषय पर गंभीर चिंतन करना चाहिए। लूथरा ने पत्रकारों की सुरक्षा के लिए कड़े कानून बनाने की मांग की और कहा कि संगठन पत्रकारों की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के लिए लगातार आवाज उठाता रहेगा। इसी क्रम में मदन सिंह ने भी पत्रकारिता के इस दौर को चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि निरंतर सेवा में जुटे रहने के बावजूद पत्रकार खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं, इसलिए पत्रकार सुरक्षा कानून बनाना नितांत आवश्यक है।
बैठक में प्रदेश अनुशासन समिति के संयोजक राजकुमार ग्रोवर ने पत्रकारों के प्रति पुलिस के असंवेदनशील व्यवहार पर गहरी चिंता व्यक्त की और इस मामले में उच्चाधिकारियों का ध्यान आकर्षित करने की जरूरत बताई। इस अवसर पर तरुण मोहन, पृथ्वीराज सिंह, ओम पाल और रोहित कुमार सोनी सहित कई पत्रकारों ने अपने विचार साझा किए। बैठक के दौरान नए सदस्यों का स्वागत किया गया और जिला संयुक्त सचिव पद के लिए कुमारी रेणु सेमवाल के नाम का अनुमोदन भी किया गया। साथ ही, सभी सदस्यों ने गिरधर गोपाल लूथरा के परिवार को उनकी प्रस्तावित अमेरिका यात्रा के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।













