पुलिस का ऑपरेशन प्रहार जारी, 7 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना श्यामपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 किलो 110 ग्राम गांजा बरामद किया। चंडीघाट चौकी प्रभारी एसआई संतोष सेमवाल ने पुलिस टीम के साथ चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से गांजा बरामद किया। आरोपी मोहम्मद आकिल उर्फ शान बाबा निवासी सम्भल, उत्तर प्रदेश के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू को दी श्रद्धांजलि

हरिद्वार। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेस अनुसूचित विभाग के कार्यकर्ताओं ने ऋषिकुल स्थित कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। महानगर अध्यक्ष मनोज जाटव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। वक्ताओं ने नेहरू को आधुनिक भारत का निर्माता बताते हुए शिक्षा, विज्ञान, लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता में उनके योगदान को याद किया।
एनडीआरएफ ने छात्राओं को सिखाए आपदा प्रबंधन के गुर
हरिद्वार। एनडीआरएफ की 15वीं वाहिनी द्वारा पीएम श्री गर्ल्स इंटर कॉलेज ज्वालापुर में विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षिकाओं को प्राकृतिक आपदाओं से बचाव, सीपीआर, बीएलएस तथा अन्य जीवन रक्षक उपायों की जानकारी दी गई। टीम ने भूकंप के दौरान सुरक्षित निकासी और आपातकालीन बचाव अभ्यास भी कराया। कार्यक्रम में 1560 छात्राएं एवं 22 शिक्षक शामिल हुए।
त्रिलोक चन्द्र भट्ट बने तरूण हिमालय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य

हरिद्वार। वरिष्ठ शिक्षाविद एवं समाजसेवी त्रिलोक चन्द्र भट्ट को तरूण हिमालय इंटर कॉलेज का प्रधानाचार्य नियुक्त किया गया है। विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें नियुक्ति पत्र देकर कार्यभार ग्रहण कराया। भट्ट ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा उत्तीर्ण कराना नहीं बल्कि संस्कारवान नागरिक तैयार करना है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया।
अखंड परशुराम अखाड़े ने मांसाहार की होम डिलीवरी पर रोक की मांग उठाई

हरिद्वार। श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर हरिद्वार में मांसाहारी खाद्य पदार्थों की होम डिलीवरी और नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि ऑनलाइन कंपनियों द्वारा मांसाहार की डिलीवरी से धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं और धर्मनगरी की मर्यादा प्रभावित हो रही है।
भेल में आर्टिजन प्रशिक्षुओं के लिए ओरिएंटेशन प्रशिक्षण शुरू

हरिद्वार। बीएचईएल हरिद्वार में नवनियुक्त आर्टिजन प्रशिक्षुओं के लिए एक वर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संतोष कुमार गुप्ता ने किया। प्रशिक्षण में 61 प्रशिक्षु भाग ले रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रशिक्षुओं की तकनीकी एवं संगठनात्मक दक्षता को विकसित करना है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में स्वच्छता अभियान जारी

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर गंगा दशहरा स्नान पर्व के बाद जनपद में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। नारसन बॉर्डर से मोतीचूर तक राष्ट्रीय राजमार्ग, नगरीय क्षेत्रों और शैक्षिक संस्थानों में सफाई अभियान संचालित किया गया। प्रशासन ने लोगों से जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है।












