महाकुंभ सा नजारा: पूर्णिमा स्नान पर उमड़ा आस्था का सैलाब; ‘मन की बात’ कार्यक्रम और हिंदी पत्रकारिता दिवस पर संगोष्ठी से धर्मनगरी रही गुलजार

Listen to this article

पूर्णिमा स्नान पर उमड़ा आस्था का सैलाब

पूर्णिमा स्नान पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हाईवे और बाजारों में भीषण जाम; डीएम-एसएसपी खुद ग्राउंड जीरो पर

हरिद्वार। वीकेंड और पूर्णिमा स्नान के संयोग के चलते रविवार को धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों श्रद्धालुओं के एक साथ पहुंचने से दिल्ली-देहरादून हाईवे से लेकर शहर के मुख्य बाजार और अंदरूनी मार्ग पूरी तरह जाम हो गए, जिससे वाहनों की रफ्तार रेंग-रेंगकर चलने पर मजबूर हो गई।

श्रद्धालुओं की भारी आमद, ट्रैफिक प्लान बेअसर

​बुद्ध पूर्णिमा के पावन पर्व पर हरकी पैड़ी समेत मालवीय घाट, सुभाष घाट, गऊघाट और बैरागी क्षेत्र के घाटों पर सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। ‘हर-हर गंगे’ के जयघोष के बीच लाखों लोगों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। पुलिस-प्रशासन के अनुमान से कहीं अधिक भीड़ उमड़ने के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। विशेष रूप से रोड़ी बेलवाला पुलिस चौकी से पंतद्वीप पार्किंग तक का मार्ग सबसे अधिक प्रभावित रहा।

​नगर के बीचो-बीच रेलवे स्टेशन, शिव मूर्ति चौक, बाल्मीकि चौक, जूना अखाड़ा चौक से लेकर हरकी पैड़ी तक भयंकर जाम की स्थिति बनी रही। भीड़ का आलम यह था कि पैदल चलने वालों को भी आगे बढ़ने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही थी। एक बार तो भगदड़ मचने की स्थिति बन गई थी, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी से स्थिति को संभाल लिया। एसपी नवनीत सिंह खुद हाथ में डंडा लिए हरकी पैड़ी चौकी पर भीड़ को नियंत्रित करते दिखाई दिए। भारी भीड़ के चलते मनसा देवी रोपवे के साथ-साथ पैदल मार्ग भी बंद करना पड़ा।

डीएम-एसएसपी ने संभाला मोर्चा

​भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह स्वयं अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ ग्राउंड जीरो पर उतरे। पूरे मेला क्षेत्र को 8 जोन और 21 सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल तैनात किया गया था। जगह-जगह बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड), डॉग स्क्वॉड और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।

​यातायात को सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों से डायवर्जन किया गया, मगर श्रद्धालुओं के अत्यधिक दबाव के कारण जाम की स्थिति बनी रही। सभी दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग निर्धारित की गई थी, लेकिन पार्किंग स्थल भी पूरी तरह फुल हो गए। वापसी के दौरान रोडवेज बस स्टैंड पर भी भारी भीड़ रही, जहां पानीपत रूट के यात्रियों को करीब 4 घंटे तक बसों का इंतजार करना पड़ा।

शहर के भीतर घुसे वाहन, आंतरिक व्यवस्था डगमगाई

​शनिवार से ही हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा थी। इसके बाद रविवार अल सुबह दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से हजारों की संख्या में वाहन हरिद्वार पहुंच गए। जाम से बचने के लिए बड़ी संख्या में यात्री अपने वाहनों के साथ शहर के भीतर प्रवेश कर गए, जिससे शहर की अंदरूनी यातायात व्यवस्था भी डगमगा गई। फिलहाल मध्य हरिद्वार में रानीपुर मोड़ से लेकर ऋषिकुल तिराहा, तुलसी चौक, रेलवे रोड, अपर रोड पर हर जगह बाहरी राज्यों की गाड़ियां नजर आ रही हैं।

जिलाधिकारी की अपील:

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और निर्धारित घाटों पर ही स्नान करें।

यातायात पुलिस ने बाहरी वाहनों को शहर में प्रवेश से पहले ही रोका है और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की सलाह दी है। स्नान को सुरक्षित संपन्न कराने के लिए एसएसपी नवनीत सिंह, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी समेत तमाम पुलिस अधिकारी सुरक्षा और यातायात प्रबंधों को सुचारू बनाने में जुटे रहे।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं महापौर किरण जैसल ने कार्यकर्ताओं संग सुनी ‘मन की बात’

हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के प्रसारण को लेकर रविवार को मध्य हरिद्वार मंडल के बूथ संख्या 159 (वार्ड संख्या 19, खन्ना नगर) में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं महापौर श्रीमती किरण जैसल ने पार्टी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों के साथ कार्यक्रम को सुना।

​कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री द्वारा देश के विकास, जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार, युवाओं की भूमिका तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यक्त विचारों को गंभीरता से सुना।

‘मन की बात’ देश को जोड़ने वाला सशक्त मंच: मदन कौशिक

​कार्यक्रम के उपरांत कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि:

​”‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों को जोड़ने वाला एक सशक्त संवाद मंच बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समय-समय पर समाज के विभिन्न वर्गों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, वैज्ञानिकों, खिलाड़ियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की प्रेरणादायक कहानियों को देश के सामने रखते हैं, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की भावना को बल मिलता है।”

​उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें तथा समाज के सकारात्मक बदलाव में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

कर्तव्यों के प्रति जागरूक करता है यह कार्यक्रम: महापौर

​इस अवसर पर महापौर किरण जैसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने का एक प्रभावी माध्यम है। प्रधानमंत्री समाज के उन अनदेखे नायकों को सामने लाते हैं, जो अपने शांत कार्यों से देश और समाज में बड़ा परिवर्तन ला रहे हैं। यह कार्यक्रम लोगों को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने की प्रेरणा देता है।

भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों के उपयोग (लोकल फॉर वोकल) तथा सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर लगातार जोर दिया जाता रहा है। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, पार्षदगण, वरिष्ठ कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। हिंदी पत्रकारिता दिवस पर जिला प्रेस क्लब की संगोष्ठी

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर जिला प्रेस क्लब ने किया संगोष्ठी का आयोजन

हरिद्वार। हिंदी पत्रकारिता दिवस के गरिमामयी अवसर पर जिला प्रेस क्लब हरिद्वार (रजि.) द्वारा एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। अवधूत मंडल आश्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में संत समाज, प्रबुद्ध पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

​कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद, महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद, स्वामी नागेंद्र महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यव्रतानंद, महामंडलेश्वर स्वामी सहजानंद पुरी, महामंडलेश्वर स्वामी आदि योगी पुरी, जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश वालिया और महामंत्री अनिल बिष्ट ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संतों व अतिथियों को फूलमाला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर उनका भव्य स्वागत किया।

एआई के दौर में भी कम नहीं होगा प्रिंट मीडिया का महत्व: स्वामी प्रबोधानंद

​कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरि महाराज ने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है और एक सशक्त कलम समाज को नई दिशा देने का कार्य करती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि निष्पक्ष एवं सत्यनिष्ठ पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के आने के बावजूद प्रिंट मीडिया और अखबारों का महत्व कभी कम नहीं होगा।

​अवधूत मंडल आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद महाराज ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करता है। सच्ची पत्रकारिता में समाज में जागरूकता और अमूल-चूल परिवर्तन लाने की अद्भुत क्षमता होती है। वहीं, महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरी एवं स्वामी नागेंद्र महाराज ने कहा कि पत्रकार समाज के सजग प्रहरी हैं, इसलिए हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर सभी पत्रकारों को पत्रकारिता के मूल मूल्यों और नैतिकताओं को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।

ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और नई पीढ़ी का दायित्व

​जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश वालिया ने सभी को हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए इसके इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लगभग दो शताब्दी वर्ष पूर्व पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने ‘उदन्त मार्तण्ड’ साप्ताहिक हिंदी समाचार पत्र का प्रकाशन शुरू कर हिंदी पत्रकारिता की नींव रखी थी, जो समय के साथ लगातार मजबूत होती गई। महामंत्री अनिल बिष्ट ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के गौरव और इसकी साख को बनाए रखने का बड़ा दायित्व आज की नई पीढ़ी के पत्रकारों पर है।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

​इस अवसर पर पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से:

मुमताज आलम खान, राकेश वर्मा, सुमित वर्मा, त्रिवेश जयमनी, अशोक पांडे, मोहन राजा, सनोज कश्यप, मोहम्मद नदीम सलमानी, सागर कुमार, रोहित वर्मा, सद्दाम हुसैन, गणेश भट्ट, सर्वेंद्र कुमार, दीपक झा, भानू पाण्डेय, फुरकान अंसारी, रूचि डोलिया, उपासना तेश्वर, ऋतिक कुमार, प्रखर कश्यप, मनोज कश्यप, मनव्वर कुरेशी, मुस्कान राजपूत, शिप्रा अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, समाजसेवी अतुल शर्मा और अमित वालिया सहित बड़ी संख्या में पत्रकार व अतिथि उपस्थित थे। सभी ने पत्रकारिता के मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया।