सोमवती अमावस्या पर उमड़ा आस्था का महासैलाब, गंगा घाटों पर रिकॉर्ड भीड़ के बीच सुरक्षा, यातायात और कुंभ तैयारियों की हुई परीक्षा

Listen to this article

सोमवती अमावस्या पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, 76 लाख श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान
हरिद्वार। सोमवती अमावस्या के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। हरकी पैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई। प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने स्वयं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार शाम की आरती तक लगभग 76 लाख 50 हजार श्रद्धालु स्नान कर चुके थे। भारी भीड़ के कारण कई स्थानों पर जाम और अव्यवस्था की स्थिति भी देखने को मिली।

जल पुलिस की सतर्कता से दो युवकों की जान बची, गंगा में बहने से किया रेस्क्यू

हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान के दौरान जल पुलिस और आपदा राहत दल की तत्परता से दो युवकों की जान बच गई। विष्णु घाट पर स्नान करते समय हरदोई निवासी किशोर मुनीम गंगा के तेज बहाव में बहने लगा, जिसे जल पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं हाथी पुल के पास हरियाणा निवासी रोहताश भी तेज धारा में फंस गया, जिसे पुलिस रेस्क्यू टीम ने सकुशल बचा लिया। पुलिस ने श्रद्धालुओं से सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से तीसरे दिन भी हाईवे और शहर की सड़कें जाम

हरिद्वार। सोमवती अमावस्या और वीकेंड के चलते तीर्थनगरी में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़ उमड़ने से हाईवे और शहर की प्रमुख सड़कें तीसरे दिन भी जाम से जूझती रहीं। चंडीपुल, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, देवपुरा और रानीपुर मोड़ सहित कई क्षेत्रों में वाहन रेंगते नजर आए। अधिकांश पार्किंग स्थल पूरी तरह भर गए। पुलिस और प्रशासन द्वारा विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किए जाने के बावजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कुंभ 2027 की तैयारियों की परख बना सोमवती अमावस्या स्नान पर्व


हरिद्वार। सोमवती अमावस्या पर उमड़ी भारी भीड़ आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को परखने का महत्वपूर्ण अवसर बन गई। मेलाधिकारी सोनिका ने केंद्रीय नियंत्रण कक्ष और विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और निगरानी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि स्नान पर्वों से प्राप्त अनुभव और आंकड़ों के आधार पर कुंभ मेले के लिए तकनीक आधारित निगरानी, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में योग दिवस काउंटडाउन कार्यक्रम आयोजि

हरिद्वार। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के काउंटडाउन कार्यक्रम के तहत देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। आयुष मंत्रालय और विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योगासन, प्राणायाम और ध्यान कराया गया। प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे जीवन शैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
भारतीय भाषा समर कैम्प की सांस्कृतिक संध्या में बच्चों ने दिखाई प्रतिभाहरिद्वार। शांतिकुंज में आयोजित भारतीय भाषा समर कैम्प का समापन रंगारंग सांस्कृतिक संध्या के साथ हुआ। बच्चों ने नृत्य, नाटिका, संस्कृत संभाषण, चित्रकला और लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। गायत्री विद्यापीठ की व्यवस्था मंडल प्रमुख शैफाली पण्ड्या ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।