हरिद्वार में ‘सहकारिता चौपाल’ का आयोजन, योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
हरिद्वार। सहकारिता मंत्रालय के गठन के 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के दिशा-निर्देशन में सहकारिता सप्ताह के दूसरे दिन जनपद में भव्य ‘सहकारिता चौपाल’ का आयोजन किया गया। सहायक निबंधक सहकारिता श्रीमती मोनिका चुनेरा के अनुसार, यह चौपाल विकास भवन सभागार, रोशनाबाद समेत विभिन्न सहकारी समितियों व मुख्यालय स्तर पर आयोजित हुई।
चौपाल में सहकारिता, पशुपालन, मत्स्य, दुग्ध विकास, उद्यान और कृषि विभाग के उच्च अधिकारियों ने भाग लिया और केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2025-26 में हरिद्वार जनपद ने प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना के तहत 56 करोड़ रुपये की उर्वरक बिक्री कर किसानों को लाभान्वित किया है। इसके अलावा, जनपद में 8 एम-पैक्स के माध्यम से 8 आधुनिक अन्न भंडारण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे किसानों को अनाज और मसालों के सुरक्षित भंडारण की सुविधा मिलेगी। सभी एम-पैक्स को सीएससी (CSC) केंद्रों के व्यवसाय विस्तार के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक सौ सिंह ने बैंक की योजनाओं, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.सी. जोशी ने प्रत्येक विकासखंड में पशु औषधि केंद्र स्थापित करने की जरूरत और सहायक निदेशक मत्स्य श्रीमती गरिमा मिश्रा ने सजावटी मछली के बिक्री केंद्र संचालित करने पर जोर दिया। चौपाल में इफको, यूसीएफ और सहकारी समितियों के पदाधिकारी व कर्मचारी भारी संख्या में उपस्थित रहे।
व्यापार मंडल ने प्राधिकरण सचिव को सौंपा सुझाव पत्र, शहर के सौंदर्यकरण और सफाई की मांग

हरिद्वार। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विकास प्राधिकरण के सचिव प्रत्युष सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शहर के सौंदर्यकरण एवं पर्यटन योजना को लेकर एक विस्तृत सुझाव पत्र सौंपा, जिस पर सचिव ने जल्द सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सुनील सेठी ने सचिव का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि भूपतवाला शांतिकुंज फ्लाईओवर के नीचे प्राधिकरण द्वारा निर्मित स्पोर्ट्स स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र की स्थिति गंदगी के कारण बेहद खराब है। वहां दीवारों पर बने देश के प्रसिद्ध महानुभावों के चित्र भी दुर्दशा का शिकार हो रहे हैं। असामाजिक तत्वों द्वारा फैलाई जा रही गंदगी और बदबू से राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है और महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने मांग की कि इस स्थल की तुरंत सफाई कराई जाए और पार्किंग को जल्द चालू किया जाए। साथ ही, बच्चों और बुजुर्गों के लिए बनाए गए पार्कों का उचित रखरखाव कर उनका पुनः सौंदर्यकरण किया जाए। इस मौके पर सोनू चौधरी, प्रीत कमल, मुकेश अग्रवाल, रवि अरोड़ा, केतन सिंह और अमित अरोड़ा सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।
रणसुरा फायरिंग कांड का फरार आरोपी जाहिद गिरफ्तार, लक्सर पुलिस को मिली सफलता

हरिद्वार। ग्राम रणसुरा में हुए जानलेवा फायरिंग मामले में फरार चल रहे आरोपी जाहिद को लक्सर पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जाहिद पुत्र यासीन लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर गांव में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी भी कराई गई थी।
मामला बीते 14 मई का है, जब आरोपियों ने ग्राम रणसुरा निवासी गुफरान पुत्र मुर्सलीन के साथ मारपीट कर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी लक्सर के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी व मास्टरमाइंड अनीश को पहले ही जेल भेज दिया था। अब 29 जून को फरार जाहिद को भी हिरासत में ले लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान और उपनिरीक्षक दीपक चौधरी की टीम अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बिना सहमति स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में कांग्रेस का बिजली घर पर उग्र प्रदर्शन

हरिद्वार। उपभोक्ताओं की स्पष्ट सहमति के बिना जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने ब्लॉक पदाधिकारियों और पार्षदों के साथ मिलकर बिजली घर पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि पूरा शहर बिजली कटौती और बढ़ते बिलों से त्रस्त है, जबकि बिजली दफ्तरों में बिना किसी अधिकारी की मौजूदगी के लाइटें, पंखे और एसी बेधड़क चलकर संसाधनों की बर्बादी की जा रही है। यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया और पार्षद विवेक भूषण विक्की ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता पर नई आर्थिक मार थोपी जा रही है और निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव, अजय गिरी, पार्षद नौमान अंसारी और हिमांशु राजपूत ने साफ किया कि जब तक उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा नहीं होगी, तब तक कांग्रेस का यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
बहादराबाद पुलिस ने दो नशा तस्करों को दबोचा, भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल व टैबलेट बरामद
हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 480 नशीले कैप्सूल, 1200 टैबलेट और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बलेनो कार बरामद की है।
कोतवाली प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने नहर पटरी रोड के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध बलेनो कार को रोककर तलाशी ली, तो उसमें से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुईं। पुलिस ने कार सवार इस्लाम पुत्र शादी और सद्दाम पुत्र रियाज (निवासी ग्राम गढ़, कोतवाली रानीपुर) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि सिडकुल क्षेत्र में उनका एक मेडिकल स्टोर है। चूंकि सिडकुल क्षेत्र के मजदूरों में नशीले कैप्सूल और इंजेक्शन की काफी मांग रहती है, इसलिए अधिक मुनाफे के लालच में वे इस अवैध धंधे में उतर गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।













