पात्र लाभार्थियों तक हर योजना का लाभ पहुंचे: प्रभारी सचिव वीके संत
जनपद प्रभारी सचिव वीके संत की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। सचिव ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता के अनुसार कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे और सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। बैठक में आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (राशन वितरण) और जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, स्कूलों में शिक्षकों और स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी को दूर करने का आश्वासन भी दिया गया।
प्रभारी सचिव ने विकास भवन कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण

प्रभारी सचिव वीके संत ने विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों और पटलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। बाल विकास विभाग के निरीक्षण में उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी गर्भवती एवं धात्री महिला पंजीकरण से वंचित न रहे। इसके अतिरिक्त समाज कल्याण विभाग को सभी पात्र लोगों तक समयबद्ध पेंशन पहुंचाने और फाइलों का सुव्यवस्थित रखरखाव करने को कहा गया।
कांवड़ मेले की तैयारियां २५ जुलाई तक पूरी करें: डीएम मयूर दीक्षित

इस वर्ष जुलाई के अंतिम सप्ताह से अगस्त के दूसरे सप्ताह तक आयोजित होने वाले आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर डीएम मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को कांवड़ मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं २५ जुलाई तक हर हाल में पूरी करने के कड़े निर्देश दिए हैं। मेले के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं और एनएचएआई के निर्माण कार्यों को समय से समेटने पर विशेष फोकस रहेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और रूट प्लान की विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
परिवहन सचिव ने एआरटीओ कार्यालय का किया निरीक्षण, राजस्व लक्ष्य हासिल करने पर थपथपाई पीठ

उत्तराखंड के परिवहन सचिव बृजेश कुमार संत ने हरिद्वार एआरटीओ कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण कर कार्यप्रणाली को जांचा। उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शी, उत्तरदायी और जनहितकारी कार्य संस्कृति अपनाने तथा ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण व ग्रीन कार्ड जैसी सेवाओं को समयबद्ध निपटाने के निर्देश दिए। सचिव ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक निर्धारित शत-प्रतिशत राजस्व लक्ष्य हासिल करने पर हरिद्वार एआरटीओ टीम की सराहना की और कार्यालय भवन को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए एक विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।













