हरिद्वार (कनखल): रोमांच और रील बनाने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डालने का एक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कनखल थाना क्षेत्र के बैरागी कैंप स्थित गंगा की मुख्य धारा (नीलधारा) में कुछ युवकों को अपनी महिंद्रा थार कार से ऑफ-रोडिंग और स्टंट करना बेहद भारी पड़ गया। गाड़ी की क्षमता जांचने के प्रयास में थार नदी के तेज बहाव के बीचों-बीच फंस गई और धीरे-धीरे डूबने लगी।
चीख-पुकार के बाद स्थानीय लोगों ने बचाई जान
जैसे ही पानी कार के भीतर घुसने लगा, उसमें सवार युवकों के होश उड़ गए। खुद को डूबता देख युवकों ने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। गनीमत रही कि आसपास स्थानीय लोग मौजूद थे, जिन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत नदी में फंसे दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
क्रेन की मदद से निकाली गई थार
घटना की जानकारी मिलते ही कनखल पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। नदी के तेज बहाव के बीच फंसी थार को निकालने के लिए क्रेन बुलाई गई। काफी मशक्कत और कड़ी जद्दोजहद के बाद आखिरकार गाड़ी को गंगा की धारा से बाहर निकाला जा सका। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत गाड़ी सीज
पुलिस ने इस मामले में बेहद सख्त रुख अपनाया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टंट में इस्तेमाल की गई थार (UP 36 AA 0707) को मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत सीज कर दिया है।












