हरिद्वार में 1 सितंबर 2026 को अखिल भारतीय समाचारपत्र एसोसिएशन की उत्तराखंड इकाई का प्रांतीय अधिवेशन एवं वरिष्ठ संपादक सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। देवपुरा स्थित प्रेस क्लब सभागार में सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस अधिवेशन में प्रदेशभर के साप्ताहिक, पाक्षिक और मासिक समाचार पत्रों के 250 से अधिक संपादक हिस्सा लेंगे। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी श्री करौली शंकर महादेव, कैबिनेट मंत्री श्री मदन कौशिक, सूचना महानिदेशक श्री बंशीधर तिवारी, उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री सुरजीत सिंह गांधी और गंगा सभा अध्यक्ष श्री नितिन गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। अधिवेशन के दौरान पत्रकार कल्याण कोष, पेंशन योजना, अधिमान्यता और छोटे समाचार पत्रों के विज्ञापनों से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ मौजूदा समय में समाचार पत्रों की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। इस अवसर पर कई वरिष्ठ संपादकों को उनके विशिष्ट योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
2026-08-31


