देहरादून, 22 सितंबर 2026: ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत बिधोली स्थित यपीईएस कैंपस में जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग और विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें सकारात्मक और स्वस्थ जीवनशैली चुनने की सलाह दी। उन्होंने नशे को एक ‘डोपामिन ट्रैप’ बताते हुए कहा कि इससे बचने के लिए आत्म-अनुशासन बेहद जरूरी है। डीएम ने शैक्षणिक संस्थानों में व्यापक स्तर पर ऐसी कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए ताकि युवाओं को नशे से बचाया जा सके।
कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक (नगर) शेखर चंद्र सुयाल, एडीएम स्मृता परमार, यूपीईएस के वाइस चांसलर मनीष मदान और विशेष अतिथि ललित जोशी ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए नशा मुक्ति का संदेश दिया गया तथा सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने और नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई।












