हरिद्वार: उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हरिद्वार में पिछले 18 दिनों से जारी गंगा बंदी समाप्त हो गई है। 7 नवंबर की रात को गंग नहर में पुनः जल प्रवाह शुरू किए जाने के बाद प्रसिद्ध हर की पौड़ी समेत शहर के सभी प्रमुख गंगा घाटों पर जल लौट आया है। गंगा जल के वापस आने से स्थानीय निवासियों, पुरोहितों, श्रद्धालुओं और पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों ने राहत की सांस ली है।
यह जल प्रवाह ऐसे समय में बहाल हुआ है जब पूरे देश में दीपावली का त्योहार मनाया जा रहा है। त्योहार के मद्देनजर हरिद्वार और ऋषिकेश क्षेत्र में देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना व्यक्त की जा रही है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।














