हरिद्वार (22 सितंबर 2026): जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर परिवहन विभाग ने मंगलवार को जनपद में ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा चालकों द्वारा वसूले जा रहे मनमाने किराए की आकस्मिक जांच की। ARTO (प्रशासन) निखिल शर्मा और ARTO (प्रवर्तन) नेहा झा ने खुद आम यात्री बनकर यात्रा की और वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
जांच के दौरान रानीपुर मोड़ से रेलवे स्टेशन के निर्धारित ₹50 किराए की जगह ₹300 वसूल रहे दो विक्रम चालकों के वाहन जब्त कर लिए गए। कार्रवाई के दौरान ओवरलोडिंग, बिना पंजीकरण और अधिक किराया वसूलने पर कुल 105 चालान काटे गए तथा 25 वाहन सीज किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों का शोषण बर्दाश्त नहीं होगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जनता से अपील की गई है कि किराया उल्लंघन दिखने पर वाहन नंबर की शिकायत विभाग से करें।










