बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों पर कड़ा रुख: देहरादून के 48 प्रमुख मार्गों का होगा स्थलीय निरीक्षण
देहरादून: मानसून में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर देहरादून-मसूरी मार्ग, राजपुर रोड, हरिद्वार बाईपास, चकराता रोड और प्रेमनगर सहित 48 प्रमुख व आंतरिक मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नामित अधिकारियों को दो दिनों के भीतर सड़कों के गड्ढों व क्षतिग्रस्त हिस्सों की फोटो सहित रिपोर्ट जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) को सौंपने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
देहरादून में 1 अक्टूबर से शुरू होगा खनन सत्र, अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस के निर्देश
देहरादून: जनपद में 1 अक्टूबर से आगामी खनन सत्र 2026-27 शुरू होने जा रहा है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित जिला खनन समिति की बैठक में अवैध खनन और परिवहन पर पूर्ण रोक लगाने के कड़े निर्देश दिए गए। सुरक्षा के लिहाज से खनन क्षेत्रों में 24 घंटे सीसीटीवी और एंटी माइनिंग टास्क फोर्स सक्रिय रहेगी। इसके अलावा, खनन वाहनों में रेडियम व फॉग लाइट तथा स्टोन क्रेशरों पर धर्मकांटा अनिवार्य किया गया है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए डीएम ने प्रत्येक स्टोन क्रशर संचालक को कम से कम 1,000 पौधे लगाने के निर्देश दिए हैं।
देहरादून के रेंजर ग्राउंड में 5 से 11 अक्टूबर तक सजेगा ‘सरस फूड फेस्टिवल’
देहरादून: आगामी 5 से 11 अक्टूबर तक ऐतिहासिक रेंजर ग्राउंड में सात दिवसीय ‘सरस फूड फेस्टिवल’ का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि मेले में 200 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों, हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों का प्रदर्शन होगा। आयोजन के दौरान फूड स्टॉलों के बीच प्रतियोगिताएं, विभागीय गोष्ठियां और प्रतिदिन शाम को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रोजगार मेले में 200 से अधिक युवाओं का चयन, 19 को मिला दुबई में रोजगार
देहरादून: सेवा संकल्प अभियान के तहत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में आयोजित एक दिवसीय रोजगार मेले में 200 से अधिक युवाओं का विभिन्न निजी कंपनियों में चयन हुआ। इस मेले में 20 से अधिक नामी कंपनियों ने भाग लिया। ‘मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना’ के तहत 19 युवाओं का चयन दुबई के कंस्ट्रक्शन सेक्टर के लिए हुआ है। मेले में ऑन-द-स्पॉट 53 युवाओं को नौकरी मिली, जबकि 149 युवाओं को दूसरे राउंड के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
आशारोड़ी टनल से मोहब्बेवाला तक सड़क सुरक्षा मजबूत; 92 सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए 46 अधिकारी तैनात
देहरादून: सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय तेज करने के निर्देश दिए। आशारोड़ी टनल से मोहब्बेवाला क्षेत्र के बीच सुरक्षा के लिहाज से 58 साइन बोर्ड, 485 मीटर रंबल स्ट्रिप्स, 1880 मीटर मीडियन मार्कर और 500 मीटर सोलर स्टड्स स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र की 92 सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए 46 अधिकारियों को तैनात किया गया है, जिन्हें 2 दिन में अपनी रिपोर्ट देनी होगी। डीएम ने मसूरी में रेस ड्राइविंग पर सख्ती और शहर की खराब स्ट्रीट व ट्रैफिक लाइटों को तुरंत ठीक करने के आदेश भी दिए।











