हरिद्वार में खनन कार्य शुरू, बहुउद्देशीय शिविर में उमड़े लोग और बाल विवाह नशा -मुक्ति पर होगा मंथन

Listen to this article

हरिद्वार में एनजीटी के नियमों के तहत 1 अक्टूबर से खनन कार्य शुरू

शासन के आदेश पर हरिद्वार जिले में आगामी खनन सत्र 2026-27 के लिए 1 अक्टूबर से खनन कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 30 सितंबर को आदेश जारी कर राजस्व हित में बिना किसी देरी के खनन प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को उच्च न्यायालय नैनीताल और एनजीटी के आदेशों का सख्ती से पालन करने की ताकीद की है।

​ नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के खिलाफ सख्त अभियान, 20 दोपहिया वाहन सीज

सड़क सुरक्षा के तहत परिवहन विभाग ने जगजीतपुर क्षेत्र के स्कूलों के आसपास नाबालिग छात्रों के दोपहिया वाहन चलाने पर कार्रवाई करते हुए 20 स्कूटी/मोटरसाइकिल सीज कीं। एआरटीओ नेहा झा के नेतृत्व में चले इस अभियान के दौरान अभिभावकों को पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद नियम तोड़ने पर यह कदम उठाया गया। विभाग ने अभिभावकों से बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन न देने और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था अपनाने की अपील की है।

​ लक्सर बहुउद्देशीय शिविर में 325 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ

सेवा संकल्प अभियान के तहत लक्सर विकास खंड सभागार में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 325 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया और 52 लोगों को प्रमाण-पत्र बांटे गए। राज्यमंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में 452 नागरिकों ने भाग लिया। शिविर में प्राप्त सभी 8 जनशिकायतों का मौके पर ही शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया।

​ 2 अक्टूबर को ग्राम पंचायतों में विशेष बैठकें, बाल विवाह और नशामुक्ति पर होगा मंथन

गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को हरिद्वार की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह के अनुसार, बैठकों में वित्तीय वर्ष 2027-28 की ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने के साथ-साथ बाल विवाह और नशामुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इस दौरान बाल विवाह रोकथाम के लिए सामूहिक संकल्प और शपथ भी दिलाई जाएगी।