देहरादून में शराब की दुकानों पर प्रशासन की देर रात बड़ी स्ट्राइक, ओवररेटिंग और

Listen to this article

​देहरादून। शराब की दुकानों पर तय कीमत से ज्यादा दाम वसूलने (ओवररेटिंग) और तरह-तरह की धांधलियों की मिल रही शिकायतों पर देहरादून प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के कड़े निर्देशों के बाद प्रशासनिक टीमों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में देर रात एक साथ व्यापक छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

​छापेमारी के लिए बनीं अलग-अलग मजिस्ट्रेट टीमों ने शहर भर की दर्जनों शराब की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया:

  • ​माजरा, पटेलनगर और ISBT क्षेत्र: सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी और एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में जांच की गई। आईएसबीटी स्थित दुकान में ओवररेटिंग की शिकायत सही पाई गई। इसके साथ ही मौके पर मिलीं 42 शराब की बोतलों के बैच नंबर रिकॉर्ड से मैच नहीं हुए, अनधिकृत सेल्समैन तैनात मिले और रेट लिस्ट भी गायब थी।
  • ​जाखन और राजपुर रोड: ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद और हर्षिता सिंह की टीम ने कार्रवाई की। यहां कई दुकानों पर ओवररेटिंग, अनधिकृत सेल्समैन, अपडेट न मिलने वाले स्टॉक रजिस्टर और आबकारी विभाग के शिकायती नंबर गायब होने जैसी गंभीर कमियां पाई गईं।
  • ​प्रेमनगर क्षेत्र: उप जिलाधिकारी (मुख्यालय) रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व में हुई जांच में प्रेमनगर की दुकान का स्टॉक रजिस्टर अधूरा पाया गया और अनधिकृत सेल्समैन बिक्री करते पकड़े गए।

​टीमों ने दुकानों से स्टॉक, बिक्री अभिलेख, बैच नंबर और रेट लिस्ट की गहनता से जांच कर रिपोर्ट तैयार की है।

​जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि तय रेट से अधिक वसूली, बिना अनुमति के सेल्समैन रखने और अभिलेखों में हेरफेर को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रखने और दोषी दुकानों पर सख्त से सख्त नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।