हरिद्वार हलचल: पतंजलि में प्राच्य विद्या सम्मेलन की तिथि बढ़ी, पुलिस ने दबोचे चोर, कांग्रेस-भाजपा में सियासी वार-पलटवार

Listen to this article

पतंजलि विश्वविद्यालय में आयोजित होगा 52वां अखिल भारतीय प्राच्य विद्या सम्मेलन, पंजीकरण की तिथि 10 अक्टूबर तक बढ़ी

​हरिद्वार। पतंजलि विश्वविद्यालय में 52वें अखिल भारतीय प्राच्य विद्या सम्मेलन का भव्य आयोजन होने जा रहा है। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति स्वामी रामदेव ने बताया कि यह सम्मेलन संस्कृत भाषा, भारतीय संस्कृति, योग, अध्यात्म और सनातन विरासत का एक विराट संगम होगा। सम्मेलन को लेकर देश-विदेश के शोधार्थियों और विद्वानों में भारी उत्साह को देखते हुए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 अक्टूबर कर दी गई है। स्वामी रामदेव ने कहा कि भारत की प्राचीन विद्याएं वर्तमान और भविष्य की चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत करने में सक्षम हैं, जिसके लिए आधुनिक संदर्भों में इनका गंभीर अध्ययन और शोध आवश्यक है।

​2. चोरी की योजना बनाते चार अभियुक्त गिरफ्तार, रानीपुर पुलिस ने भेजा जेल

​हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने गश्त के दौरान बीएचईएल स्टेडियम के पास झाड़ियों से चोरी की योजना बना रहे चार नशेड़ी युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लोहे की छैनी, सरिया, प्लास और पेचकश जैसे औजार बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपियों की पहचान उज्जैर (ज्वालापुर), लक्की (बागपत, उ.प्र.), नितिन और आकाश (अन्नेकी, हरिद्वार) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की पूर्ति के लिए बीएचईएल व टिहरी विस्थापित कॉलोनी में चोरी करने की फिराक में थे। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर सभी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

​3. भूपतवाला आंगनबाड़ी केंद्र पर ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम, मेयर किरण जैसल ने बांटे पोषण बैग

​हरिद्वार। सेवा संकल्प अभियान के तहत भूपतवाला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि मेयर किरण जैसल ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म संपन्न की। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं को पोषण बैग भी वितरित किए। मेयर ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं को पहुंचाने में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए सुपरवाइजर ऋचा गर्ग को सम्मानित भी किया गया।

​4. आराधना मिश्रा को यूपी अध्यक्ष व इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने पर कांग्रेसियों ने जताई खुशी

​हरिद्वार। आराधना मिश्रा को उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर हरिद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व राज्यमंत्री मकबूल कुरैशी के आवास पर बैठक कर खुशी व्यक्त की और मिठाई बांटी। मकबूल कुरैशी ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि सहारनपुर सांसद इमरान मसूद को जिम्मेदारी मिलने से उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तराखंड में भी पार्टी को मजबूती और लाभ मिलेगा। बैठक में रिजवान कुरैशी, शाहनवाज कुरैशी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

​5. कसाबान आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन’ आयोजित, सानिया को सौंपी गई महालक्ष्मी किट

​हरिद्वार। ज्वालापुर के कसाबान स्थित आंगनबाड़ी केंद्र-3 पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला सचिव खुर्रम मलिक ने लाभार्थी सानिया को महालक्ष्मी किट प्रदान की। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही नंदा गौरा योजना, महालक्ष्मी किट और नि:शुल्क प्रसव जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

​6. कांग्रेस राजनीतिक विरोध के नाम पर सनातन परंपराओं और दिवंगत परिजनों का कर रही अपमान: नवीन ठाकुर

​हरिद्वार। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीति का स्तर गिराकर सनातन परंपराओं, सेना और दिवंगत परिजनों को निशाना बना रही है। नवीन ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वर्गीय पिता के श्राद्ध पर टिप्पणी करना कांग्रेस की ओछी मानसिकता को दर्शाता है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, डॉ. विशाल गर्ग सहित कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

​7. उत्तराखंड विधि कांग्रेस का अधिवक्ता सम्मेलन आयोजित, हरक सिंह रावत ने दिया समस्याओं के समाधान का भरोसा

​हरिद्वार। प्रेस क्लब सभागार में उत्तराखंड विधि कांग्रेस द्वारा अधिवक्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता सुरक्षा कानून, नए वकीलों को 5 हजार रुपये मासिक स्टाइपेंड और 10 लाख रुपये के कैशलेस इलाज/बीमा की मांग रखी। मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने आश्वासन दिया कि 2027 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही वकीलों की सभी मांगों और समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।