भारत विकास परिषद ने डॉक्टर हरिराम इंटर कॉलेज में किया वृक्षारोपण, पितृपक्ष में पौधे लगाने के आध्यात्मिक महत्व पर दिया जोर

Listen to this article

​हरिद्वार। भारत विकास परिषद द्वारा देशभर में चलाए जा रहे पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण निर्माण अभियान के तहत शुक्रवार को मायापुर स्थित डॉक्टर हरिराम इंटर कॉलेज के क्रीड़ा मैदान में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम परिषद की मायापुरी शाखा के पदाधिकारियों और विद्यालय परिवार की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

​कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे परिषद के प्रांतीय संयोजक (प्रचार-प्रसार) कुशल पाल सिंह चौहान ने पितृपक्ष के दौरान वृक्षारोपण के विशेष और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मायापुरी शाखा के अध्यक्ष कैप्टन (सेवानिवृत्त) विपिन जोशी ने कहा कि शिव पुराण तथा अन्य धार्मिक ग्रंथों के अनुसार पितृपक्ष में पौधे लगाने से कुंडली का पितृ दोष शांत होता है और घर-परिवार में सुख-समृद्धि का वास होता है।

​विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और जागरूकता बढ़ती है। आज लगाए गए पौधों से आने वाले समय में विद्यार्थियों और समाज को स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण प्राप्त होगा।

​इस दौरान उपस्थित लोगों और विद्यालय स्टाफ ने रोपे गए बेल, नीम, आम और जामुन के पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।

​कार्यक्रम में मायापुरी शाखा के पर्यावरण संयोजक मनु गुप्ता, संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह राणा, अतुल चौहान, अमित कुमार के साथ-साथ विद्यालय परिवार से सरीन कुमार, राजीव कौशिक, नीरज कुमार, संजय चौहान, प्रेम बल्लभ उप्रेती, यज्ञराज भट्ट और आशीष राठौर सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।