रेडक्रास उत्तराखंड के चेयरमैन डॉ. नरेश चौधरी के समर्पित कार्यों की राज्यपाल ने की सराहना
हरिद्वार, 17 अक्टूबर 2026।
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने इंडियन रेडक्रास की सर्वोच्च राष्ट्रीय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं इंडियन रेडक्रास उत्तराखंड के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) नरेश चौधरी के समर्पित एवं उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की है।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि अपने मूल दायित्वों का निर्वहन तो हर व्यक्ति करता है, लेकिन जो व्यक्ति अपने मुख्य कार्यों से इतर सामाजिक सेवा में समर्पित रहता है, वह समाज में विशेष रूप से सम्मानित होने योग्य होता है। डॉ. नरेश चौधरी इस भावना के सच्चे उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्यक्तित्व की सराहना से उन्हें और अधिक सेवा भावना से कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
आपदा और कोरोना काल में अतुलनीय योगदान
राज्यपाल ने डॉ. नरेश चौधरी के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं और कोरोना महामारी के दौरान उनके द्वारा किए गए सेवा कार्य अतुलनीय रहे हैं। इसके साथ ही, राजभवन में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में भी उनके द्वारा किए गए संचालन एवं संयोजन की राज्यपाल ने सराहना की।
सम्मान से मिलती है और अधिक ऊर्जा: डॉ. नरेश चौधरी
राज्यपाल द्वारा मिली सराहना और सम्मान पर भावुक होते हुए डॉ. नरेश चौधरी ने उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “इस प्रकार की सराहना और सम्मान मेरे जीवन की सबसे अमूल्य और अतुलनीय पूंजी है। यह प्रोत्साहन मुझे और अधिक ऊर्जा एवं समर्पण के साथ जनसेवा करने की प्रेरणा देता है।”














