हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कांग्रेस के ‘भूमि बचाओ अभियान’ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह अभियान भूमि संरक्षण की कोई वास्तविक मुहिम नहीं है, बल्कि यह अपनी खिसकती और डूबती राजनीतिक जमीन को बचाने का एक असफल प्रयास है।
हरिद्वार स्थित प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस झूठा नैरेटिव गढ़ने में लगी हुई है। अपने शासनकाल के दौरान हुए विवादित जमीन आवंटनों पर उठ रहे सवालों के जवाब देने के बजाय कांग्रेस जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का राजनीतिक अभियान चाहे कितना भी आक्रामक क्यों न हो, उत्तराखंड के विकास की गति रुकने वाली नहीं है।
आशुतोष शर्मा ने प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूर्ण पारदर्शिता, ‘जीरो टॉलरेंस’ और ‘जीरो करप्शन’ की नीति पर काम कर रही है। सरकार का मुख्य उद्देश्य सरकारी जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराना और वहां उद्योग स्थापित कर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देना व रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक साख बचाने के लिए चाहे जितने अभियान चला ले, लेकिन धामी सरकार उत्तराखंड के उज्ज्वल और मजबूत भविष्य के निर्माण के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।
इस दौरान प्रेस वार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, निपेंद्र चौधरी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष लोकेश पाल और जिला कार्यालय प्रभारी नकली राम सैनी सहित कई अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।














