मेयर किरण जैसल ने परिवार संग मनाई दीपावली, स्वच्छता की अपील
हरिद्वार: मेयर किरण जैसल ने अपने परिवार के साथ हर्षोल्लास के साथ दीपावली का पर्व मनाया। इस अवसर पर उन्होंने देश और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लोगों से हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और गंगा को निर्मल बनाए रखने के लिए नगर निगम का पूरा सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से ही समृद्धि आती है और धर्म नगरी की पवित्रता बनाए रखना हर नागरिक का कर्तव्य है।
श्री स्वामिनारायण आश्रम में ki धूमधाम से मनाया गया अन्नकूट महोत्सव और गुजराती नववर्ष
हरिद्वार: भूपतवाला स्थित श्री स्वामिनारायण आश्रम में परमाध्यक्ष स्वामी हरिबल्लभ दास शास्त्री महाराज के सानिध्य में अन्नकूट पर्व और गुजराती नववर्ष धूमधाम से मनाया गया। गुजरात से आए श्रद्धालुओं ने भगवान स्वामी नारायण को छप्पन भोग अर्पित किए। संतों ने इस पर्व को समाज में समरसता और प्रकृति में ईश्वर की व्यापकता का संदेश देने वाला बताया। कार्यक्रम में कई संत-महंत और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राज्य गठन की 26वीं वर्षगांठ: राज्य आंदोलनकारी समिति ने किया मां गंगा का दुग्धाभिषेक
हरिद्वार: उत्तराखंड राज्य गठन की 26वीं वर्षगांठ पर चिन्हित राज्य आंदोलनकारी समिति ने प्रेमनगर आश्रम स्थित अग्रसेन घाट पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर शहीदों को नमन किया। इस दौरान वक्ताओं ने राज्य के मूल मुद्दों, युवाओं के पलायन, रोजगार की कमी और बाहरी लोगों के कब्जे को लेकर चिंता जताई तथा सरकार की कार्यशैली पर रोष व्यक्त किया।
सोशल मीडिया पर जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का मामला: दो आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार: थाना सिडकुल पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों—वंशपाल और दीपांशु पाल (निवासी रोशनाबाद)—को गिरफ्तार कर लिया है। रोशनाबाद के कुछ व्यक्तियों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट और एससी/एसटी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर यह कार्रवाई की है।
दुर्लभ रक्त समूह देकर युवक ने बचाई महिला और उसके नवजात बच्चे की जान
हरिद्वार: ज्वालापुर निवासी आरिफ अंसारी ने अपनी इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए डिलीवरी के दौरान नाजुक स्थिति से गुजर रही एक महिला को अपना दुर्लभ ‘एबी नेगेटिव’ रक्त दान किया। समय पर रक्त मिलने से महिला और उसके बच्चे की जान बच गई, जिसकी शहर भर में और ब्लड वालंटियर्स टीम द्वारा सराहना की जा रही है।
उत्तराखंड स्थापना दिवस संघर्ष, बलिदान और आशाओं का प्रतीक: रेखा नेगी
हरिद्वार: राष्ट्रीय मानव अधिकार संरक्षण समिति की पूर्व राष्ट्रीय सचिव रेखा नेगी ने उत्तराखंड स्थापना दिवस पर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यह दिन संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। साथ ही, उन्होंने देवभूमि की प्राकृतिक धरोहर, संस्कृति को बचाने तथा गांवों से पलायन रोकने, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को हर पहाड़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।















