हरिद्वार हलचल: नगर निगम में मीट बिक्री पर प्रतिबंध लगाया, स्व-गणना कार्यशाला आयोजित,

Listen to this article

हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में मीट बिक्री पर प्रतिबंध

हरिद्वार नगर निगम के पूरे क्षेत्र में कच्चे मांस की बिक्री, भंडारण, प्रदर्शन और ऑनलाइन/ऐप डिलीवरी पर प्रतिबंध लगाने वाली उपविधि-2026 प्रकाशन के लिए भेज दी गई है। नियमों के उल्लंघन पर पहली बार ₹50,000 और दूसरी बार ₹1,00,000 का जुर्माना लगेगा, जबकि ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों पर क्रमशः ₹1 लाख और ₹3 लाख तक के दंड का प्रावधान है। कारोबारियों को सराय में बनी दुकानों की नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था दी जा रही है। (फोटो नंबर 8)

जनगणना-2027 को लेकर स्व-गणना कार्यशाला आयोजित

राजकीय मॉडल महाविद्यालय मीठीबेरी लालढांग में भारत की जनगणना-2027 के स्व-गणना अभियान पर जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। प्राचार्य अर्चना गौतम, जिला फील्ड ट्रेनर डॉ. शिवा अग्रवाल और प्रशिक्षकों ने छात्र-छात्राओं व स्टाफ को ऑनलाइन पोर्टल के जरिए परिवार का विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया सिखाई तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। (फोटो नंबर 9)

भारतीय शिक्षा बोर्ड का तीन स्किल काउंसिलों से एमओयू

पतंजलि योगपीठ में योगगुरु स्वामी रामदेव की मौजूदगी में भारतीय शिक्षा बोर्ड (बीएसबी) ने लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग और रबर-केमिकल-पॉलीमर क्षेत्रों की तीन राष्ट्रीय स्किल काउंसिलों के साथ समझौता किया। कक्षा 9 से व्यावसायिक शिक्षा और उद्योग-मान्य कौशल प्रशिक्षण देने के इस कदम के तहत लॉजिस्टिक्स सेक्टर स्किल काउंसिल अगले एक वर्ष में उत्तर भारत के लगभग 25 विद्यालयों में इंटीग्रेटेड लैब स्थापित करेगी। (फोटो नंबर 0)

खामियां मिलने पर वाहन स्क्रैपिंग केंद्र सील

भगवानपुर के सिकंदरपुर भैंसवाल स्थित मैसर्स आर.ए.जी. इंजन्स प्रा.लि. के वाहन स्क्रैपिंग केंद्र का परिवहन विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। मशीनों की कमी/निष्क्रियता, सुरक्षा व अपशिष्ट निस्तारण में खामियां तथा आवश्यक अभिलेख न मिलने पर पर्यावरण व जनसुरक्षा के मद्देनजर केंद्र का संचालन अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया। (फोटो नंबर 00)

गुरुकुल कांगड़ी में एनएसएस प्रशिक्षण व्याख्यान

गुरुकुल कांगड़ी (सम विश्वविद्यालय) में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विशेषज्ञ व्याख्यान हुए। वक्ताओं ने युवा नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व, विशेष शिविर की तैयारी, संवैधानिक मूल्यों, जिम्मेदार नागरिकता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व डिजिटल कौशल पर अपने विचार साझा किए। (फोटो नंबर 000)

गुरुकुल कांगड़ी में संविधान दिवस मनाया गया

गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने नागरिकों को कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया और शपथ दिलाई। विभिन्न विभागों व इकाइयों में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, संवाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संविधान दिवस मनाया गया।