दुखद: उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष और चंपावत के पूर्व विधायक का निधन

Listen to this article

उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष और चंपावत के पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी का निधन हो गया। उनके निधन का समाचार सुनते ही काशीपुर आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी उनके घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

आज सुबह से ही दिवंगत कैलाश गहतोड़ी के घर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। दोपहर बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी उनके घर पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कैलाश गहतोड़ी हमारे दल के बहुत वरिष्ठ नेता थे। उनका बहुत बड़ा जनाधार था। वहीं सामाजिक क्षेत्र में बहुत बड़ा योगदान है तथा पार्टी में ऐसे कर्मठ कार्यकर्ता की कमी हमेश बनी रहेगी। उन्होंने परमपिता परमात्मा से उनकी पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने तथा उनके परिवार को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
विदित हो कि कैलाश गहतोड़ी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए जिस तरह से अपनी सीट का बलिदान और त्याग किया था वह हमेशा याद रहेगा। चंपावत विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जितवाने में कैलाश गहतोड़ी ने बहुत बड़ी भूमिका अदा की थी ।