जिलाधिकारी ने जनता दरबार में सुनीं लोगों की समस्याएं, मौके पर ही किया समाधान

Listen to this article


हरिद्वार:  जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनता दरबार लगाया। इस दौरान लोगों ने जमीन, राशन कार्ड, सड़क और पेंशन से जुड़ी 32 शिकायतें दर्ज कराईं। जिलाधिकारी ने इनमें से अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया।
ग्रामीणों की मांग पर बाढ़ रोकने के लिए तटबंध बनाने और वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। वृद्धावस्था पेंशन के लिए गांव में ही शिविर लगाने का आदेश दिया गया। दिव्यांगों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण करवाकर प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
सीएलएफ के रोटर वेटर के दुरुपयोग की शिकायत पर जांच के आदेश दिए गए। परिवार रजिस्टर में नाम जोड़ने के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। हनुमान मंदिर से गांव को जोड़ने वाले मार्ग का निरीक्षण करने के आदेश दिए गए।
जिलाधिकारी ने राशन कार्ड और कोटेदारों के बारे में जानकारी ली। ग्राम विकास अधिकारी, वीपीडीओ और लेखपाल की उपस्थिति के बारे में भी जानकारी ली। शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, परियोजना निदेशक, खंड विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला क्रीड़ाधिकारी, तहसीलदार और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।