सीएम योगी की माताजी श्रीमती सावित्री देवी पंचतत्व में विलीन, हरिद्वार में नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
हरिद्वार, 21 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी स्वर्गीय श्रीमती सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार स्थित नमामि गंगे घाट पर पूर्ण वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। उनके छोटे पुत्र श्री महेंद्र बिष्ट ने पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी।
इस दुखद अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने घाट पर पहुंचकर पार्थिव देह के अंतिम दर्शन किए और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों से भेंट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
अंतिम यात्रा में देशभर से आए वरिष्ठ राजनेताओं, संत समाज और प्रशासनिक अधिकारियों का जमावड़ा लगा रहा। संत समाज से स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, स्वामी चिदानंद सरस्वती, अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी और आचार्य प्रमोद कृष्णम सहित अनेक संत-महात्माओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
वहीं, राजनीति जगत से यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ व त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद रवि किशन तथा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार के कई कैबिनेट व राज्य मंत्रियों सहित वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित रहकर दिवंगत आत्मा को नमन किया।















