उत्तराखंड कांग्रेस ने निकाली तिरंगा यात्रा, ‘भारतीय सेना जिंदाबाद, पाकिस्तान हो बर्बाद’ के लगे नारे

Listen to this article

देहरादून: (पाण्डेय) भारतीय सेना के मनोबल को बढ़ाने और राष्ट्रीय संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार के साथ एकजुटता दिखाने के लिए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा के नेतृत्व में एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से शुरू हुई यह यात्रा राजपुर रोड, घंटाघर, पलटन बाजार, डिस्पेंसरी रोड और दर्शन लाल चौक होते हुए घंटाघर स्थित डॉ. भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुँची।
यात्रा में प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह, विधायक विक्रम सिंह नेगी, विधायक लखपत बुटोला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला और सेवा दल अध्यक्ष हेमा पुरोहित सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने हाथों में तिरंगा झंडा लेकर जमकर नारेबाजी की।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने पहले ही दिन स्पष्ट कर दिया था कि कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार और सेना के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि देश के लिए कांग्रेस हर कुर्बानी देने को तैयार है।
सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि भारतीय सेना ने संयम बरतते हुए पहले आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया, लेकिन पाकिस्तान के दुस्साहस का भारत ने करारा जवाब दिया है। पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि पाकिस्तान ने जितनी बार भी भारत को ललकारा है, उसे भारी कीमत चुकानी पड़ी है और इस बार भी उसे अपनी करतूतों का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता संकट की घड़ी में सरकार, सेना और प्रशासन के साथ है और किसी भी आपात स्थिति में रक्तदान, धन और शारीरिक योगदान देने के लिए तैयार है। महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि शहर में आवश्यकता पड़ने पर वे जिला प्रशासन और सिविल डिफेंस को अपने कार्यकर्ता उपलब्ध कराएंगे।
यात्रा के अंत में, प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने घंटाघर स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस यात्रा में प्रदेश कोषाध्यक्ष आयरेन्द शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, सेवा दल अध्यक्ष हेमा पुरोहित, एस सी विभाग अध्यक्ष मदन लाल, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, याकूब सिद्दीकी, नवीन जोशी, गरिमा मेहरा दसौनी, वीरेंद्र पोखरियाल, जगदीश धीमान, अनिल बेसनेट, पूरण सिंह रावत, महेंद्र सिंह नेगी, अभिनव थापर, ऐतात खान, सुशीला शर्मा, सावित्री थापा, गोपाल गड़िया, नगर निगम पार्षद अभिषेक तिवारी, महेंद्र रावत, रॉबिन त्यागी, सुशांत वोहरा, अमित भंडारी, प्रमोद गुप्ता, पूर्व पार्षद राजेश पुंडीर, मुकेश सोनकर, अनूप कपूर, गुल मोहम्मद, अमनदीप सिंह, हरजोत सिंह, अर्जुन पासी, संजय भारती, करण घाघट, सिद्धार्थ सिंह, शिवम, मोहित मेहता, सूरज छेत्री, आनंद सिंह पुंडीर, सुनील जायसवाल, राजकुमार जायसवाल, प्रवीण भारद्वाज, प्रशांत खंडूरी, वीरेश शर्मा, विजय शाही सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।