हरिद्वार, 5 जून: ब्रह्मलीन पायलट बाबा के शिष्यों ने हरिद्वार पुलिस प्रशासन से आश्रम में चल रहे विवाद की निष्पक्ष जांच कराने और आश्रम की सेवा संस्कृति को फिर से स्थापित करने की मांग की है। आज प्रेस क्लब में पत्रकारों से बात करते हुए साध्वी पूर्णानंद गिरी ने गंभीर आरोप लगाए।
साध्वी पूर्णानंद गिरी ने कहा कि आश्रम में रहने वाले ब्रह्मलीन पायलट बाबा के शिष्यों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। साध्वी ने यह भी आरोप लगाया कि आश्रम की संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने के लिए एक फर्जी वसीयत बनाई गई है, और आश्रम में काम करने वाले कुछ लोगों को फर्जी तरीके से ट्रस्टी घोषित कर दिया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि बाउंसरों द्वारा शिष्यों के साथ मारपीट की जा रही है और उन्हें धमकाया जा रहा है। साध्वी पूर्णानंद गिरी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आश्रम में रोज़ाना होने वाले विवादों के कारण सनातन धर्म संस्कृति का प्रचार-प्रसार और सेवा प्रकल्प भी प्रभावित हो रहे हैं।
साध्वी ने बताया कि विवाद की जांच के लिए एक एसआईटी (विशेष जांच दल) का गठन किया गया था, लेकिन इसके बावजूद असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कोई रोक नहीं लग पाई है। साध्वी पूर्णानंद गिरी ने पुलिस प्रशासन से इन असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि आश्रम में धार्मिक, योग और ध्यान साधना जैसी गतिविधियां शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो सकें।
इस प्रेसवार्ता में स्वामी ब्रह्मानंद गिरी, स्वामी कर्ण गिरी, शुभांगी गिरी सहित कई अन्य संत भी उपस्थित थे।
2025-06-05