हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में 23 अगस्त (रविवार) को 116वां श्री मुल्तान जोत महोत्सव लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। श्री मुल्तान जोत सभा के चेयरमैन रतनदेव चावला और अखिल भारतीय मुल्तान युवा संगठन के अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नागपाल ने बताया कि आयोजन को लेकर पूरी हरिद्वार नगरी को सजाया गया है। मार्ग में बड़े-बड़े तोरण द्वार, आतिशबाजी, पुष्प वर्षा और नई तकनीक से निर्मित जोत मुख्य आकर्षण होंगे। श्रद्धालु दिन में पिचकारियों में दूध भरकर होली खेलेंगे और रात में शोभा यात्रा के दौरान भव्य प्रकाश व्यवस्था से दिवाली जैसा दृश्य देखने को मिलेगा। इस दौरान गंगा जी का दुग्ध अभिषेक, सुंदरकांड पाठ, हवन और प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धालु पवित्र जोत गंगा जी में प्रवाहित करेंगे। वर्ष 1911 में भक्त रूप चन्द द्वारा मुल्तान (अब पाकिस्तान) से पैदल आकर शुरू की गई इस ऐतिहासिक परंपरा में इस वर्ष प्रो. जगदीश मुखी, तरुण चुघ, वीरेंद्र सचदेवा, सांसद बांसुरी स्वराज, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, संजय तलवार और टीवी कलाकार अमर वाल्मीकि व शेख रईस करीम सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।
प्रैस वार्ता में संस्था के उपाध्यक्ष सुरेंद्र आहूजा, ,कोषाध्यक्ष सतपाल अरोड़ा, दीपक बजाज, राकेश मदान आदि उपस्थित थे।













