हल्द्वानी (नैनीताल):
नैनीताल जिले की धारी तहसील में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी जमीन की नाप कराने के एवज में शिकायतकर्ता से यह रकम मांग रहा था।
जमीन की नाप के एवज में मांगी थी घूस
जानकारी के अनुसार, मामला धारी तहसील के मौड़ा गांव से जुड़ा है। शिकायतकर्ता अपनी जमीन की नाप करवाने के लिए हलका पटवारी निर्मल बोरा के पास गया था। आरोप है कि काम करने के बदले पटवारी ने उससे 30,000 रुपये की रिश्वत की मांग की। परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत विजिलेंस की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 पर दर्ज करा दी।
विजिलेंस ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने पर सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की गोपनीय जांच कराई। शुरुआती जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और ट्रैप टीम का गठन किया गया।
26 सितंबर को योजनाबद्ध तरीके से विजिलेंस टीम ने धारी तहसील परिसर में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने पटवारी निर्मल बोरा को 30 हजार रुपये दिए, टीम ने उसे रंगे हाथ धर दबोचा और रिश्वत की राशि बरामद कर ली।
कार्रवाई करने वाली टीम को पुरस्कार, निदेशक ने की अपील
गिरफ्तारी के बाद आरोपी पटवारी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। विजिलेंस निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने इस सफल कार्रवाई के लिए ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो उसकी सूचना तुरंत सतर्कता अधिष्ठान को दें।
भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए संपर्क करें:
- टोल-फ्री हेल्पलाइन: 1064
- व्हाट्सऐप नंबर: 9456592300












